उत्तराखंड

वीआईपी काफिले की जल्दबाजी या लापरवाही? कार क्षतिग्रस्त, स्कूटी सवार गिरा

टिहरी, 05 जून। शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के टिहरी दौरे के दौरान सरकारी फ्लीट का एक वाहन विवादों में घिर गया। स्थानीय नागरिकों ने वाहन चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि फ्लीट वाहन की वजह से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एक स्कूटी सवार सड़क किनारे गिर पड़ा। घटना के बाद लोगों ने वाहन को रोककर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह बौराड़ी क्षेत्र में मुख्य सचिव के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान फ्लीट में शामिल एक वाहन काफी तेज गति से गुजर रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक ने यातायात नियमों की परवाह किए बिना वाहन चलाया, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अन्य वाहन चालकों को अचानक रास्ता छोड़ना पड़ा।

स्थानीय निवासी प्रवीन सिंह ने बताया कि वह अपने काम पर जा रहे थे। फ्लीट वाहन को आते देख उन्होंने अपनी कार को सड़क के एकदम किनारे कर लिया था, लेकिन इसके बावजूद वाहन उनकी कार के बेहद नजदीक से निकला और कार को नुकसान पहुंच गया। उन्होंने चालक की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।

वहीं राकेश प्रसाद उनियाल ने बताया कि तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह स्कूटी सहित सड़क किनारे गिर पड़े। हालांकि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन घटना से क्षेत्रीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।

घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने संबंधित वाहन का पीछा कर उसे साईं चौक के समीप रोक लिया। कुछ देर तक वहां तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।

स्थानीय नागरिकों ने चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई और उसका मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की। हालांकि पुलिस और प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायतों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच की जाएगी तथा यदि चालक की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे घटनाक्रम ने वीआईपी मूवमेंट के दौरान फ्लीट वाहनों के संचालन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी अधिकारी की सुरक्षा व्यवस्था महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके नाम पर आम नागरिकों की सुरक्षा और यातायात नियमों से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। घटना पूरे दिन शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

The Latest

To Top