उत्तराखंड

सीएम धामी के नेतृत्व में मेयर काउंसिल का मंथन, ऋषिकेश को मिली 29.78 करोड़ की विकास सौगात

ऋषिकेश। CM पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में आयोजित अखिल भारतीय मेयर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति की बैठक में प्रतिभाग करते हुए नगर विकास से जुड़ी 29.78 करोड़ रुपये की तीन महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में नगर निकायों और मेयरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने देशभर से आए मेयरों का स्वागत किया और कहा कि मेयर अपने शहर के प्रथम नागरिक होने के साथ-साथ जनता की आशाओं और विश्वास के प्रतिनिधि भी होते हैं। उनके निर्णय शहरों के विकास और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है, जबकि नागरिकों के सपने और आकांक्षाएं शहरों में आकार लेती हैं।

यह भी पढ़ें 👉  ऋषिकेश मे उधार की रकम बनी खूनी रंजिश, होटल में घुसे दबंगों ने मचाया उत्पात; दो आरोपी दबोचे

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जैसी योजनाओं ने देश के शहरी विकास को नई गति प्रदान की है। उत्तराखंड में भी ठोस कचरा प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था, स्मार्ट सिटी, अमृत योजना और लीगेसी वेस्ट प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहली बार नगर निकायों में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सौर ऊर्जा, कूड़ा प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, स्थानीय उद्योगों के संवर्धन और आत्मनिर्भर नगरों के विकास को समय की आवश्यकता बताया।

यह भी पढ़ें 👉  गुरुकुल कांगड़ी की नई टीम का भव्य सम्मान, शिक्षा और विकास के नए विजन पर मंथन

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष मार्गदर्शन और उत्तराखंड के प्रति उनके लगाव के कारण राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के मात्र 45 दिनों में 30 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं, जो एक नया रिकॉर्ड है। वहीं आदि कैलाश में प्रतिदिन लगभग एक हजार श्रद्धालु पहुंच रहे हैं तथा मां पूर्णागिरि धाम में अब तक 24 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। पिछले चार वर्षों में राज्य में 23 करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंचे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  ऋषिकेश मे उधार की रकम बनी खूनी रंजिश, होटल में घुसे दबंगों ने मचाया उत्पात; दो आरोपी दबोचे

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से 10 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन निर्माण कार्य तथा 4.83 करोड़ रुपये की लागत से 12 स्थानों पर वर्षा जल संचयन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही 23.15 करोड़ रुपये की लागत से लालपानी बीट में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के अंतर्गत कम्पोस्ट प्लांट एवं सैनिटरी लैंडफिल साइट निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, रेनू बाला गुप्ता, आशुतोष सहित देशभर से आए अनेक मेयर और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

The Latest

To Top