SGRRU खेलोत्सव-2026 में प्रतिभाओं का महाकुंभ, शतरंज से बैडमिंटन तक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) के खेलोत्सव-2026 में खेल प्रतिभाओं का रोमांच लगातार चरम पर है। शुक्रवार को शतरंज, टेबल टेनिस और बैडमिंटन के मुकाबलों में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने हुनर, अनुशासन और शानदार खेल कौशल से दर्शकों का ध्यान खींचा। कहीं शतरंज की बिसात पर दिमागी रणनीतियों का मुकाबला हुआ तो कहीं टेबल टेनिस और बैडमिंटन के कोर्ट पर खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर जीत अपने नाम की। प्रतियोगिताओं में प्रियंशी आर्य, सिद्धार्थ, अभिषेक गौड़ और वैष्णवी ने विशेष उपलब्धि हासिल की।


खेलोत्सव के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं का शुभारंभ अध्यक्ष डॉ. पुनीत ओहरी एवं सचिव एसपी जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विभिन्न स्कूलों के बीच हुए मुकाबलों ने विश्वविद्यालय परिसर को खेलमय माहौल में रंग दिया। शतरंज के बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज की संजना ने स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर साइंसेज की अस्मिता को मात दी। वहीं बालक वर्ग में स्कूल ऑफ पैरामेडिकल के आयुष पटेल ने स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज के सचिन को पराजित कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
टेबल टेनिस में प्रियंशी और सिद्धार्थ का जलवा
टेबल टेनिस प्रतियोगिता के बालिका एकल वर्ग में एमबीबीएस की प्रियंशी आर्य ने शानदार खेल दिखाते हुए स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की अंशिका तिवारी को शिकस्त दी। बालिका युगल वर्ग में नर्सिंग की तेंजिन नाइदोन और तंजिंग बागमो की जोड़ी ने जीत दर्ज की। बालक एकल वर्ग में स्कूल ऑफ एलाइड एंड हेल्थ साइंसेज के सिद्धार्थ ने अस्मित को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। बालक युगल वर्ग में जगजीत और भौमिक की जोड़ी ने प्रियांश नेगी और सचिन को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
बैडमिंटन कोर्ट पर अभिषेक गौड़ और वैष्णवी ने मारी बाजी
बैडमिंटन मुकाबलों में भी खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। बालक एकल वर्ग में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अभिषेक गौड़ ने स्कूल ऑफ बेसिक एंड एप्लाइड साइंसेज के अंशुल को हराकर जीत हासिल की। बालक युगल वर्ग में स्कूल ऑफ फार्मेसी के आदित्य और तनिष्क की जोड़ी विजेता रही। बालिका एकल वर्ग में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की वैष्णवी ने नायशा को शिकस्त दी। वहीं बालिका युगल वर्ग में स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर की अनीशा और अनुपमा की जोड़ी ने नर्सिंग की तेंजिन और ऋतुजा को हराकर शानदार जीत दर्ज की।
एसजीआरआरयू का खेलोत्सव विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान कर रहा है। प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों में जीत का जुनून और खेल भावना का उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर क्रिकेट कोऑर्डिनेटर डॉ. मनीष, कैरम कोऑर्डिनेटर डॉ. ऋषा सक्सेना, वॉलीबॉल कोऑर्डिनेटर डॉ. कमल, बैडमिंटन कोऑर्डिनेटर डॉ. सुरेन्द्र, टेबल टेनिस कोऑर्डिनेटर हरीश शर्मा, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. वैभव शर्मा, डॉ. मनीष देव सिंह सहित विश्वविद्यालय के अनेक फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।



