मालदेवता से गूंजा हरियाली का संकल्प, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का भव्य आगाज
देहरादून। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर वन विभाग के तत्वावधान में मसूरी वन प्रभाग द्वारा मालदेवता क्षेत्र में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। “हर गांव का यही पैगाम, एक पेड़ मां के नाम” थीम पर आयोजित अभियान का शुभारंभ वन मंत्री सुबोध उनियाल ने रुद्राक्ष का पौधा रोपकर किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, लोकसभा सांसद माला राजलक्ष्मी शाह, रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ सहित जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) नीना ग्रेवाल, प्रमुख वन संरक्षक विवेक पाण्डेय, प्रमुख वन संरक्षक एस.पी. सुबुद्धि, मुख्य वन संरक्षक धीरज पाण्डेय, मुख्य वन संरक्षक (आईटी एवं मूल्यांकन) राहुल, जिलाधिकारी आशीष चौहान सहित वन विभाग और प्रशासन के अधिकारियों ने पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई। स्कूली छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, मंगल गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को उत्सव का स्वरूप दिया।
अपने संबोधन में वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि पौधा लगाना जितना आवश्यक है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण उसका संरक्षण और उसे जीवित रखना है। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि 16 जुलाई से शुरू हुआ हरेला महाअभियान एक माह तक चलेगा। पहले दिन पूरे प्रदेश में 10 लाख पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें गढ़वाल में 5.50 लाख और कुमाऊँ में 4.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे। देहरादून जनपद में वन विभाग 75 हजार पौधों का रोपण करेगा, जबकि विभिन्न विभागों के सहयोग से जिले में 15.50 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वन मंत्री ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत उत्तराखंड वन विभाग इस वर्ष प्रदेशभर में दो करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। पौधों के संरक्षण और रखरखाव की जिम्मेदारी स्थानीय ग्रामीणों, वन पंचायतों, महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों की सहभागिता से सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लगाया गया प्रत्येक पौधा भविष्य में एक सशक्त वृक्ष बन सके।
कार्यक्रम में वन संरक्षक धर्म सिंह मीणा, राजीव धीमान, जलागम प्रबंधन निदेशक कहकशां नसीम, राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक कोको रोसे, प्रभागीय वनाधिकारी वैभव कुमार सिंह, नीरज कुमार शर्मा, उप प्रभागीय वनाधिकारी उदयनन्द गौड़ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे। अंत में मसूरी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी अमित कंवर ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।









