अब पैसों की कमी नहीं बनेगी आंखों के इलाज में बाधा, परमार्थ निकेतन लौटाएगा जरूरतमंदों की आंखों की रोशनी!
ऋषिकेश। किसी की दुनिया धुंधली हो चुकी हो, किसी बुजुर्ग की आंखें अपनों का चेहरा देखने को तरस रही हों और किसी गरीब परिवार के लिए मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराना आर्थिक चुनौती बन गया हो, तो ऐसे जरूरतमंदों के लिए परमार्थ निकेतन ने सेवा और संवेदना के द्वार खोल दिए हैं। मानवता की सेवा को समर्पित परमार्थ निकेतन अब जरूरतमंदों के जीवन में नई रोशनी भरने जा रहा है। यहां 21 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक विशाल निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि मरीजों को ऑपरेशन से लेकर उच्च गुणवत्ता के लेंस, दवाइयां, आवास और भोजन तक की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क मिलेगी।
परमार्थ निकेतन के पीठाधीश्वर पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती के आशीर्वाद, मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित होने वाला यह दिव्य नेत्र सेवा अभियान उन लोगों के लिए बड़ी उम्मीद बनकर आया है, जो मोतियाबिंद के कारण धुंधली दृष्टि या आंखों की गंभीर परेशानी से जूझ रहे हैं, लेकिन आर्थिक अभाव के चलते उपचार नहीं करा पा रहे हैं।
देश-विदेश के विशेषज्ञ करेंगे नेत्र परीक्षण और ऑपरेशन
शिविर में विश्वविख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञों की अनुभवी टीम मरीजों की आंखों की जांच करेगी और आवश्यकतानुसार मोतियाबिंद के ऑपरेशन किए जाएंगे। मरीजों को उच्च गुणवत्ता के लेंस, जरूरी दवाइयां और उपचार से जुड़ी सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पहल खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
मरीज के साथ एक तीमारदार का भी पूरा इंतजाम
इस शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि मरीजों को केवल चिकित्सा सुविधा ही नहीं, बल्कि उनके साथ आने वाले एक अटेंडेंट के लिए भी निःशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था की गई है। यानी दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को रहने-खाने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। परमार्थ निकेतन का प्रयास है कि आर्थिक या अन्य किसी भी कठिनाई के कारण कोई जरूरतमंद आंखों के उपचार से वंचित न रहे।
आपकी एक सूचना किसी की जिंदगी में लौटा सकती है रोशनी
परमार्थ निकेतन ने आमजन, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया से विशेष अपील की है कि वे अपने आसपास मोतियाबिंद से पीड़ित जरूरतमंदों तक इस शिविर की जानकारी पहुंचाएं। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इस अभियान से जोड़ने की जरूरत है। किसी जरूरतमंद को शिविर तक पहुंचाने में किया गया छोटा-सा सहयोग उसके जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।
यहां होगा पंजीकरण और उपचार
* तिथि: 21 नवंबर से 1 दिसंबर 2026
* स्थान: स्वामी शुकदेवानन्द धर्मार्थ अस्पताल, परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश।
* आवश्यक दस्तावेज: आधार कार्ड की एक फोटोकॉपी और पासपोर्ट साइज के दो फोटो।
* संपर्क नंबर: 86504 22678, 8077974461
परमार्थ निकेतन का यह अभियान संदेश देता है कि सेवा केवल सहायता देने का नाम नहीं, बल्कि किसी के जीवन में खुशियां और उम्मीद लौटाने का माध्यम भी है। जब किसी जरूरतमंद की आंखों में फिर से रोशनी लौटेगी, तब यह सेवा अभियान अपने उद्देश्य को सार्थक करेगा।



