स्वदेशी अपनाने से मजबूत होगी देश की अर्थव्यवस्था, स्थानीय उद्यमियों को मिलेगा रोजगार का संबल: भगत सिंह कोश्यारी
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाना केवल खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की आर्थिक मजबूती, आत्मनिर्भरता और स्थानीय रोजगार से जुड़ा महत्वपूर्ण संकल्प है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से छोटे उद्यमियों, कारीगरों और महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक संबल मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देकर प्रत्येक नागरिक राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अपना योगदान दे सकता है।


शुक्रवार को रेंजर्स ग्राउंड में स्मृति विकास संस्थान की ओर से आयोजित दस दिवसीय स्वदेशी महोत्सव (उत्तराखंड विकास प्रदर्शनी) का शुभारंभ करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कोश्यारी ने उक्त विचार व्यक्त किए। 13 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें उत्तराखंड के पहाड़ी उत्पादों, हस्तशिल्प, स्थानीय लघु उद्योगों, महिला स्वयं सहायता समूहों, स्टार्टअप और सरकारी योजनाओं की झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ वाइब्रेंट फिट एकेडमी के बच्चों की गणेश वंदना से हुआ। आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि स्वदेशी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है और उत्पादकों को अपने सामान के प्रचार-प्रसार एवं विपणन का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेल्फ फाइनेंस इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मानस खंड निदेशक दिनेश उपमन्यु और पूर्व सूचना आयुक्त योगेश भट्ट ने भी स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी होगा।
संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि स्मृति विकास संस्थान वर्ष 2015 से लगातार स्वदेशी मेलों और प्रदर्शनियों का आयोजन कर रहा है। संस्था का उद्देश्य छोटे उद्यमियों, कारीगरों और स्थानीय उत्पादकों को बाजार उपलब्ध कराना तथा लोगों को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। वहीं, संस्था के सचिव आधार वर्मा ने बताया कि महोत्सव में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें पहाड़ी उत्पाद, हस्तशिल्प, स्थानीय उद्योग, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्टार्टअप के उत्पादों के साथ फूड एवं गेमिंग स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। महोत्सव में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।
महोत्सव के संयोजक प्रवीण ममगाईं ने बताया कि दस दिनों तक प्रतिदिन सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें कवि सम्मेलन, जादूगर राम की प्रस्तुति, गढ़वाली संध्या, नृत्य, गायन, पेंटिंग, फैशन शो और मेहंदी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और मिकी माउस सहित विभिन्न गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। 14 नवंबर को प्रसिद्ध उत्तराखंडी गायक सौरव मैठाणी की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रहेगी।
उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को उद्यमिता विद्यार्थी सम्मेलन, 17 नवंबर को उद्यमिता किसान सम्मेलन, 18 नवंबर को उद्यमिता महिला सम्मेलन और 19 नवंबर को कारीगरों एवं उद्यमियों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा स्वरोजगार, वित्तीय साक्षरता और डिजिटल मार्केटिंग जैसे विषयों पर सेमिनार, कार्यशालाएं एवं कौशल प्रशिक्षण सत्र भी होंगे। आयोजकों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ के आह्वान और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को मजबूती देने के उद्देश्य से आयोजित यह महोत्सव स्थानीय उत्पादों, संस्कृति और उद्यमिता को एक साझा मंच प्रदान करेगा।



