उत्तराखंड

“मोबाइल नहीं, खेल बनें बच्चों की पहचान : डॉ. राजे नेगी”

ऋषिकेश। रेन बुकई कराटे एकेडमी, आईडीपीएल ऋषिकेश की ओर से रविवार को रामलीला कमेटी भवन में कराटे बेल्ट परीक्षा में सफल खिलाड़ियों के सम्मान में बेल्ट एवं प्रमाणपत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न श्रेणियों में सफल खिलाड़ियों को अतिथियों ने बेल्ट पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

एकेडमी के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी व प्रशिक्षक कमल सिंह बिष्ट ने बताया कि हाल ही में आयोजित बेल्ट परीक्षा में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने सफलता हासिल की। मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अविनाश सेमल्टी तथा समाजसेवी आशुतोष शर्मा ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र एवं बेल्ट प्रदान किए।

इस अवसर पर डॉ. राजे नेगी ने कहा कि आज के दौर में बच्चों में मोबाइल फोन की बढ़ती लत गंभीर चिंता का विषय है। इससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर खेल गतिविधियों से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि कराटे जैसे खेल बच्चों में आत्मरक्षा के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और शारीरिक क्षमता का विकास करते हैं।

डॉ. नेगी ने सभी सफल खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और नियमित अभ्यास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में येलो, ब्लू, ग्रीन, ब्राउन सहित विभिन्न बेल्ट श्रेणियों में सफल खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक एवं कराटे प्रशिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

The Latest

To Top