ल्वाली-घीड़ी के विकास को मिली रफ्तार, डीएम स्वाति भदौरिया ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, शहीद पार्क को हरी झंडी
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने शनिवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान ल्वाली और घीड़ी पहुंचकर विकास कार्यों, महिला आजीविका गतिविधियों, विद्यालयी व्यवस्थाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
ल्वाली में जिलाधिकारी ने साधना स्वायत्त सहकारिता के संग्रहण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला समूहों से उत्पादों के संग्रहण, प्रसंस्करण और बिक्री की जानकारी ली। महिलाओं ने बुश कटर, डीहाइड्रेटर और ग्रेडिंग मशीन की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों और बाजार की मांग के अनुरूप आजीविका गतिविधियों में विविधता लाई जाए, जिससे महिलाओं की आय बढ़ सके।
इसके बाद जिलाधिकारी ने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ल्वाली का निरीक्षण किया। उन्होंने बाल मेले में विद्यार्थियों द्वारा तैयार विद्युत परिपथ, वर्षा जल संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, औषधीय पौधों और अन्य विषयों पर आधारित मॉडलों का अवलोकन किया। कक्षा पांच के विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कुछ बच्चों के गणित के आधारभूत प्रश्नों का उत्तर नहीं दे पाने पर उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की बुनियादी अवधारणाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में तैयार हो रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता भी जांची। उन्होंने भोजन का स्वाद लेकर भोजनमाताओं से जानकारी ली तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। लकड़ी के चूल्हे पर भोजन तैयार किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए गैस कनेक्शन का उपयोग करने के निर्देश दिए।
घीड़ी में बनेगा शहीद पार्क
क्षेत्र भ्रमण के अगले चरण में जिलाधिकारी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के पैतृक गांव घीड़ी पहुंचीं। ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उनका स्वागत किया। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याएं और विकास संबंधी आवश्यकताएं जानीं।
ग्रामीणों की मांग पर प्रस्तावित शहीद पार्क के लिए चिन्हित भूमि का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा तैयार डिजाइन और प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी ली। पार्क में ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक और सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित करने की योजना है। जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग को विस्तृत डीपीआर तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिसके बाद धनराशि स्वीकृत कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
ग्रामीणों की अन्य समस्याओं पर भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए। राजकीय इंटर कॉलेज कालेश्वर में सोलर लाइट और क्षतिग्रस्त भवन की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। वहीं महिलाओं की मांग पर उरेडा से लाइट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ग्राम गैंड की पेयजल योजना में आवश्यक लाइन जोड़ने, खराब फीडर की समस्या का निरीक्षण करने तथा सामुदायिक भवन के प्राक्कलन को शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं के लिए बैंक सखियों के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने घीड़ी स्थित पर्यटक विश्राम गृह का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अठूल गांव की सड़कों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव एससीपी में प्रस्तुत करने तथा क्षेत्र की अन्य सड़कों की सफाई और मरम्मत के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के साथ स्थानीय लोगों की समस्याओं को उनके बीच पहुंचकर समझना है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और आवश्यकताओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान घीड़ी मातबर सिंह बिष्ट, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग लक्ष्मी प्रसाद भट्ट सहित संबंधित अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।



