ऋषिकेश में गरजा ग्रैपलिंग का दम, देहरादून टीम बनी प्रदेश विजेता
ऋषिकेश। भरत मंदिर पब्लिक स्कूल के सभागार में आयोजित दो दिवसीय उत्तराखंड स्टेट ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में देहरादून जनपद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में ऋषिकेश के खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
ग्रैपलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मुकाबले यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) के नियमों के तहत कराए गए। खिलाड़ियों के जोश और रोमांचक मुकाबलों से पूरा हॉल उत्साह से गूंज उठा।
एसोसिएशन के महासचिव नवीन रयाल ने बताया कि प्रतियोगिता में 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के विजेता खिलाड़ी आगामी 29 से 31 मई तक असम में होने वाली राष्ट्रीय ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजसेवी डॉ. राजे नेगी, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गजेंद्र राणा, सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी डी.पी. रतूड़ी और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संगीता राणा ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समापन अवसर पर देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी और भाजपा नेता नलिन भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। विधायक कंडारी ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर देश और समाज का नाम रोशन कर सकते हैं।
विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का संचालन उत्तर प्रदेश से आए निर्णायक सुनील चतुर्वेदी और दुर्गेश्वर श्रीवास्तव ने किया।
इस दौरान उत्तराखंड ग्रैपलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश मित्तल, कोषाध्यक्ष सागर गर्ग, संयुक्त सचिव दीपाली रयाल सहित कोच अनुज गौड़, गंगा मेहरा, अजय कुमार, मोहित, कमल सिंह बिष्ट, विशाल शर्मा और राजेश भंडारी मौजूद रहे।
