उत्तराखंड

इंदिरेश अस्पताल में गूंजी पुकार—कैंसर हारेगा, जिंदगी जीतेगी

देहरादून। ब्लड कैंसर के प्रति जागरूकता और मरीजों में आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सकों, कैंसर सर्वाइवर्स, विद्यार्थियों और अस्पताल स्टाफ ने एक स्वर में “कैंसर हारेगा, जिंदगी जीतेगी” का संदेश दिया। कार्यक्रम में ब्लड कैंसर के लक्षण, समय पर जांच, आधुनिक उपचार, बचाव और मरीजों के मानसिक एवं भावनात्मक सहयोग पर विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. डॉ. नीलकमल कुमार, डॉ. उत्कर्ष शर्मा, डॉ. अनिल मलिक और वरिष्ठ ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. निशांत सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रो. डॉ. नीलकमल कुमार ने कहा कि कैंसर को लेकर भय अक्सर जागरूकता की कमी से पैदा होता है। कैंसर सर्वाइवर्स की संघर्ष और स्वस्थ होने की यात्रा मरीजों व उनके परिजनों को नया हौसला देती है। उन्होंने कहा कि किफायती दरों पर कैंसर उपचार उपलब्ध कराना और मरीजों को चिकित्सा के साथ भावनात्मक एवं सामाजिक सहयोग देना अस्पताल की प्राथमिकताओं में शामिल है। डॉ. उत्कर्ष शर्मा ने ब्लड कैंसर के प्रति जागरूकता को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा में जांच और उपचार की सुविधाओं में लगातार प्रगति हुई है।
वरिष्ठ ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. निशांत सिन्हा ने ब्लड कैंसर के विभिन्न प्रकारों, लक्षणों, जांच और आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी दी। उन्होंने एएलएल, पीडियाट्रिक एएलएल, बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन और मल्टीपल मायलोमा जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. अनिल मलिक, डॉ. सीमा आचार्य, डॉ. मीनू गुप्ता और वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. अजीत तिवारी ने भी कैंसर जागरूकता और मरीजों के समग्र स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदु साझा किए।
कार्यक्रम में कैंसर सर्वाइवर्स ने अपने अनुभव साझा करते हुए सकारात्मक सोच, परिवार के सहयोग और चिकित्सकों पर विश्वास को उपचार यात्रा में महत्वपूर्ण बताया। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ योगा एंड नैचुरोपैथी के छात्र-छात्राओं ने योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। पोस्टर प्रतियोगिता में शबीना एवं शोएब संयुक्त रूप से प्रथम, प्रतिभा नौटियाल द्वितीय और रश्मि तृतीय रहीं। वहीं स्लोगन प्रतियोगिता में कल्पना प्रथम, वैशाली द्वितीय और भारती तृतीय स्थान पर रहीं। समापन पर चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

यह भी पढ़ें 👉  मोबाइल छोड़ मैदान की ओर बढ़ें बच्चे, स्वस्थ भविष्य की यही पहचान : डॉ. राजे नेगी

The Latest

To Top