मुख्यमंत्री धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- यह जनसेवा का संकल्प
देहरादून। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य एवं उद्यान विभाग में 307 युवाओं को नियुक्ति देकर रोजगार और जनसेवा की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
इस दौरान 243 चिकित्सा अधिकारियों, 42 फार्मासिस्ट तथा उद्यान विभाग के अंतर्गत 22 प्रयोगशाला सहायकों एवं मशरूम पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में संकट के समय स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारी ही लोगों की पहली उम्मीद होते हैं। उन्होंने नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश में अब तक 62 लाख से अधिक कार्ड वितरित किए जा चुके हैं और लगभग 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं, जबकि दो मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। इसके साथ ही नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल भी संचालित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य प्रगति पर है। दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी उच्च मूल्य फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नव नियुक्त युवा आधुनिक उद्यानिकी और कृषि नवाचार के क्षेत्र में प्रदेश को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सभी भर्ती प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जा रही हैं। राज्य में लागू सख्त नकल विरोधी कानून के चलते पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं।
इस अवसर पर कृषि एवं उद्यान मंत्री Ganesh Joshi ने कहा कि राज्य सरकार अतिसघन सेब बागवानी, कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट मिशन, मधुमक्खी पालन नीति और जाइका परियोजना जैसी योजनाओं का सफल संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मशरूम उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।


