सितंबर तक आढ़त बाजार में दुकानों का आवंटन, विधायक चमोली और बीडी तिवारी ने दिए समयबद्धता के निर्देश
देहरादून। धर्मपुर विधायक विनोद चमोली और मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बीडी तिवारी ने आढ़त बाजार का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि नवीन आढ़त बाजार का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया को सितंबर माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक विनोद चमोली ने कहा कि आवंटन प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और संबंधित व्यापारियों को समयबद्ध तरीके से सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने एमडीडीए की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों पर संतोष जताते हुए गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा का पालन करने के निर्देश दिए।
आढ़त बाजार में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। बाजार में पार्किंग शुल्क निर्धारित करने के साथ आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों के लिए पार्किंग सुविधा निशुल्क रखने को कहा गया। इसके अलावा बाजार और आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए एनएचएआई के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
विधायक ने कहा कि आढ़त बाजार का विकास इस तरह किया जाना चाहिए कि व्यापारियों के साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिलें और यातायात व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बीडी तिवारी ने कहा कि आढ़त बाजार को बेहतर और व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए प्राधिकरण गंभीरता से कार्य कर रहा है। सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएंगे। दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया सितंबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। पार्किंग और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुसार संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आवंटन प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ पार्किंग और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।






