SGRRU में जायकों की जंग के बाद सजी सूफियाना महफिल, पाककला और संगीत के संगम ने बांधा समां
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) के पथरीबाग परिसर में शनिवार को प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट की ओर से आयोजित क्यूलीनरी चैलेंज-2026 में छात्र-छात्राओं ने जहां अपनी पाककला का हुनर दिखाया, वहीं साहिल हुसैन और फैजल हुसैन की सूफियाना प्रस्तुतियों ने शाम को यादगार बना दिया। स्वाद और संगीत के इस संगम ने विश्वविद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल पैदा कर दिया।
प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के सभी 11 कॉन्स्टीट्यूएंट कॉलेजों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। लाइव कुकिंग, मल्टी-क्यूजीन, प्लेटिंग एवं प्रेजेंटेशन, इनोवेटिव रेसिपी और हेल्दी एवं सस्टेनेबल कुकिंग जैसी श्रेणियों में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और पाककला का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का मूल्यांकन प्रतिष्ठित संस्थानों के अनुभवी प्रोफेशनल शेफ ने स्वाद, गुणवत्ता, प्रस्तुतीकरण और नवीनता के आधार पर किया।
कड़े मुकाबले के बाद स्कूल ऑफ फार्मेसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कॉलेज ऑफ नर्सिंग दूसरे और स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर तीसरे स्थान पर रहा। विजेताओं को क्रमशः 21 हजार, 11 हजार और 5,100 रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों में सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शेफ दिवाकर बलोदी, डायरेक्टर क्यूजीन एवं फूड एंड बेवरेज मैनेजर, आनंद इन द हिमालयाज; शेफ मनवीर रमोला, एग्जीक्यूटिव शेफ, अन्तारा सीनियर केयर, देहरादून; शेफ सुनील कुमार लाल, सीनियर फैकल्टी, स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट, ग्राफिक एरा डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी तथा एसजीआरआर विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
होटल मैनेजमेंट के डीन डॉ. आशीष ध्यानी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाककला के साथ उत्पाद विपणन, उद्यमशीलता, स्थिरता और जीवन कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है। कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने कहा कि क्यूलीनरी चैलेंज विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ व्यावसायिक अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। इससे विद्यार्थियों में टीम भावना, रचनात्मक सोच और हॉस्पिटैलिटी उद्योग के अनुरूप व्यावसायिक दक्षता विकसित होती है।
सूफियाना कलामों ने बांधा समां
कार्यक्रम का दूसरा आकर्षण साहिल हुसैन और फैजल हुसैन की सूफी संगीत प्रस्तुतियां रहीं। उनकी रुहानी आवाजों में ‘दमादम मस्त कलंदर’, ‘छाप तिलक’, ‘दाता हजवेरी’, ‘गौस पीर ने मेरे बख्त संवारे’ और ‘नित खैर मंगा सौंण्या मैं तेरी’ जैसे सूफी कलामों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुरों और सूफियाना अंदाज की इस महफिल में विद्यार्थी, शिक्षक और अन्य श्रोता भावविभोर नजर आए।
कार्यक्रम में प्रोफेसर आरसी पांडे, सेवानिवृत्त प्राचार्य राजकीय होटल मैनेजमेंट एवं कैटरिंग संस्थान, प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर विवेक असवाल (विक्की द होटलियर) सहित विभिन्न संस्थानों के शेफ, विश्वविद्यालय के संकायाध्यक्ष, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



