उत्तराखंड

राहु-केतु का राशि परिवर्तन बदलेगा देश-दुनिया का ज्योतिषीय परिदृश्य, आचार्य डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ‘दैवज्ञ’ ने 18 महीने के गोचर का बताया व्यापक प्रभाव

देहरादून। आगामी 5 दिसंबर 2026 को होने वाला राहु-केतु का राशि परिवर्तन ज्योतिषीय दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस गोचर का प्रभाव अगले करीब 18 महीने तक, यानी जून 2028 तक रहने की संभावना है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार राहु कुंभ राशि से निकलकर मकर और केतु सिंह राशि से निकलकर कर्क राशि में प्रवेश करेंगे। इस परिवर्तन को धर्म, आध्यात्म, राजनीति, अर्थव्यवस्था और व्यक्तिगत जीवन में कई तरह के बदलावों से जोड़कर देखा जा रहा है।

उत्तराखंड ज्योतिष रत्न आचार्य डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ‘दैवज्ञ’ ने ग्रहों की इस स्थिति का विश्लेषण करते हुए बताया कि राहु-केतु का गोचर आने वाले समय में सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों के साथ ही व्यक्तिगत जीवन के विभिन्न पहलुओं को प्रभावित कर सकता है। उनके अनुसार यह अवधि कई लोगों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल सकती है, जबकि कुछ लोगों को परिस्थितियों के अनुरूप बड़े निर्णय लेने और अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता पड़ सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  धामी कैबिनेट के 23 बड़े फैसले: हरिद्वार में तीन कॉरिडोर को मंजूरी, वन भूमि पर बसे परिवारों को भी बड़ी राहत

–धर्म और आध्यात्म के क्षेत्र में बढ़ेगा आत्मचिंतन

आचार्य दैवज्ञ के अनुसार केतु का कर्क राशि में प्रवेश पारिवारिक मूल्यों, भावनात्मक संबंधों और पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं से जुड़े विषयों को प्रमुखता दे सकता है। इस दौरान लोगों में आत्मचिंतन, आध्यात्मिक साधना और धार्मिक विषयों के प्रति गहरी रुचि विकसित होने के संकेत हैं। वहीं धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं को लेकर व्यावहारिक दृष्टिकोण तथा संतुलन की आवश्यकता भी महसूस की जा सकती है।

–राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव के संकेत

मकर राशि को शनि की राशि माना जाता है, जबकि राहु को ज्योतिष में महत्वाकांक्षा, रणनीति और अप्रत्याशित घटनाक्रमों से जोड़कर देखा जाता है। आचार्य के मुताबिक इस गोचर के दौरान राजनीतिक गलियारों में महत्वपूर्ण फैसले, सत्ता के समीकरणों में बदलाव, नए गठबंधनों और नेतृत्व से जुड़े घटनाक्रम चर्चा में रह सकते हैं। प्रशासनिक व्यवस्था, अनुशासन और नीतिगत बदलावों को लेकर भी हलचल देखने को मिल सकती है।

–व्यापार, उद्योग और अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है प्रभाव

यह भी पढ़ें 👉  धामी कैबिनेट के 23 बड़े फैसले: हरिद्वार में तीन कॉरिडोर को मंजूरी, वन भूमि पर बसे परिवारों को भी बड़ी राहत

देश और वैश्विक अर्थव्यवस्था के संदर्भ में आचार्य दैवज्ञ का मानना है कि राहु-केतु का यह परिवर्तन व्यापार, तकनीक, औद्योगिक गतिविधियों और विदेशी संपर्कों से जुड़े क्षेत्रों में नई परिस्थितियां पैदा कर सकता है। वित्तीय नीतियों, महंगाई, शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव तथा विदेश और सीमा नीति से जुड़े विषयों पर विशेष सतर्कता रखने की आवश्यकता हो सकती है।

–इन पांच राशियों के लिए बन सकते हैं लाभ के अवसर

राशियों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का उल्लेख करते हुए आचार्य डॉ. घिल्डियाल ने बताया कि मेष, वृषभ, मिथुन, कन्या और मीन राशि के जातकों के लिए करियर, आय, व्यापार तथा लंबे समय से अटके कार्यों में सकारात्मक अवसर बनने के संकेत हैं। इस अवधि में योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने वाले लोगों को अपने प्रयासों का बेहतर परिणाम मिल सकता है।

वहीं मकर और कुंभ राशि के जातकों के लिए यह गोचर बड़े निर्णयों और बदलावों का समय हो सकता है। कार्यक्षेत्र, विदेश से जुड़े अवसरों, व्यक्तिगत संबंधों और आर्थिक प्रबंधन के मामलों में संतुलन बनाए रखना महत्वपूर्ण रहेगा।

यह भी पढ़ें 👉  धामी कैबिनेट के 23 बड़े फैसले: हरिद्वार में तीन कॉरिडोर को मंजूरी, वन भूमि पर बसे परिवारों को भी बड़ी राहत

–कर्क, सिंह और धनु राशि के जातक बरतें विशेष सावधानी

आचार्य के अनुसार कर्क, सिंह और धनु राशि के जातकों को इस अवधि में भावनात्मक संतुलन बनाए रखने, वाणी पर संयम रखने और आर्थिक मामलों में सोच-समझकर निर्णय लेने की आवश्यकता होगी। जल्दबाजी से बचते हुए धैर्य और विवेक के साथ आगे बढ़ना उनके लिए महत्वपूर्ण रहेगा।

आचार्य डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ‘दैवज्ञ’ ने कहा कि राहु-केतु का गोचर लगभग 18 महीने तक प्रभावी रहने वाला है। ऐसे में केवल राशि के आधार पर निष्कर्ष निकालने के बजाय व्यक्ति की जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति, दशा और अंतर्दशा का समग्र अध्ययन आवश्यक है। उन्होंने सभी राशि के जातकों को व्यक्तिगत कुंडली का विश्लेषण करवाकर आगामी समय के लिए उचित दिशा और सावधानियों को समझने की सलाह दी।

The Latest

To Top