SGRRU ने उत्तराखंड के युवाओं को दिया बड़ा तोहफा, हॉस्पिटैलिटी-टूरिज्म का हाईटेक भवन शुरू
देहरादून। उत्तराखंड के पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बढ़ती संभावनाओं को नई दिशा देते हुए श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) ने शनिवार को स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट के अत्याधुनिक भवन का भव्य उद्घाटन किया। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह संस्थान प्रदेश के युवाओं को होटल, रिसॉर्ट, एयरलाइंस, क्रूज, फूड सर्विस और पर्यटन उद्योग की जरूरतों के अनुरूप विश्वस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करेगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि उद्योग की मांग के अनुसार दक्ष प्रोफेशनल तैयार कर युवाओं को रोजगार से जोड़ना है।
भवन का उद्घाटन ताज ऋषिकेश रिजॉर्ट एंड स्पा के क्लस्टर जनरल मैनेजर (ऑपरेशंस) एवं जनरल मैनेजर मनोज मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि SGRRU की यह पहल शिक्षा और उद्योग के बीच मजबूत सेतु का काम करेगी तथा छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यावहारिक शिक्षा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने घोषणा की कि ताज ग्रुप जल्द ही SGRRU स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट के साथ एमओयू करेगा, जिसके तहत छात्रों को इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने इस उपलब्धि पर पूरे विभाग को शुभकामनाएं देते हुए इसे उत्तराखंड के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. के. प्रतापन ने कहा कि संस्थान उत्तराखंड के जैविक उत्पादों और पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों को आधुनिक प्रस्तुति देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में भी कार्य करेगा। वहीं, डीन डॉ. विनय राणा ने बताया कि विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित होटल समूहों में इंटर्नशिप के साथ 100 प्रतिशत प्लेसमेंट असिस्टेंस उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रतिबद्ध है।
कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि रोजगारपरक शिक्षा के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और प्रदेश से पलायन रोकना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है।
उद्घाटन समारोह के दौरान आयोजित केक कटिंग समारोह ने कार्यक्रम को उत्सवी माहौल प्रदान किया। होटल मैनेजमेंट विभाग के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों की अतिथियों ने सराहना की। विश्वविद्यालय ने घोषणा की कि भविष्य में संस्थान के प्रमुख आयोजनों की हॉस्पिटैलिटी व्यवस्थाओं का संचालन विद्यार्थी स्वयं करेंगे, जिससे उन्हें पढ़ाई के साथ वास्तविक उद्योग अनुभव भी प्राप्त होगा।




