उत्तराखंड

श्री दरबार साहिब से उठा सेवा का संकल्प, कुमाऊँ तक पहुंचेगी एसजीआरआर की शिक्षा-स्वास्थ्य की अलख

देहरादून। उत्तराखण्ड के शहरी विकास एवं पर्यावरण मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को श्री दरबार साहिब पहुंचकर मत्था टेका तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। परंपरा के अनुरूप उनका सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

मुलाकात के दौरान कैबिनेट मंत्री ने एसजीआरआर ग्रुप द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि इन संस्थानों की उत्कृष्ट सेवाओं का लाभ अब कुमाऊँ मंडल के लोगों तक भी व्यापक स्तर पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि एसजीआरआर ग्रुप कुमाऊँ क्षेत्र में शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना की दिशा में पहल करे, जिससे स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आमजन को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकें।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भरोसा दिलाया कि यदि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल कुमाऊँ मंडल में अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करता है तो राज्य सरकार हर स्तर पर आवश्यक सहयोग और सभी प्रकार की सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर संस्थानों के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि एसजीआरआर ग्रुप श्री गुरु राम राय जी महाराज की सेवा, शिक्षा और मानव कल्याण की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं और सामाजिक सरोकारों की गतिविधियां पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल संस्थानों का विस्तार नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, संस्कार और संवेदनशीलता की भावना पहुंचाना है।

श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कैबिनेट मंत्री को श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल तथा एसजीआरआर ग्रुप द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी भी दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग और ईश्वर की कृपा से संस्था भविष्य में भी सेवा और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करती रहेगी।

The Latest

To Top