उत्तराखंड

बीडी तिवारी के नेतृत्व में एमडीडीए ने बढ़ाया विकास का पहिया, 25 अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक में विकास से जुड़े 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी देकर देहरादून और मसूरी के नियोजित विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। गढ़वाल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लैण्ड पूलिंग योजना, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण सहित कई अहम परियोजनाओं को नियमानुसार स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक की शुरुआत एमडीडीए के उपाध्यक्ष बीडी तिवारी (बंशीधर तिवारी) द्वारा अध्यक्ष एवं बोर्ड सदस्यों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद पिछली बैठक की अनुपालन आख्या को अनुमोदित करते हुए नए एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी प्रस्तावों का तकनीकी और नियामकीय परीक्षण करने के बाद उन्हें नियमानुसार आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  एसआरएचयू में राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस, गूंजे देशभक्ति के तराने

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर (परगना पछवादून) में एमडीडीए की लैण्ड पूलिंग योजना से जुड़ा रहा। योजना के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट के भू-उपयोग परिवर्तन के प्रस्ताव को बोर्ड ने आगे बढ़ाने की स्वीकृति दी। माना जा रहा है कि इससे क्षेत्र में सुनियोजित आवासीय एवं आधारभूत विकास को गति मिलेगी।

पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से होटल, पर्यटन इकाइयों, औद्योगिक भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों को भी बोर्ड ने मंजूरी दी। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में निवेश बढ़ने, रोजगार के नए अवसर सृजित होने और आधुनिक शहरी सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।

यह भी पढ़ें 👉  राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प; सूचना मुख्यालय में DG बंशीधर तिवारी ने किया ध्वजारोहण

बैठक में नियोजित शहरी विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट किया गया कि सभी विकास कार्य पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित किए जाएंगे। बोर्ड ने प्रत्येक परियोजना पर नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बीडी तिवारी ने कहा कि बोर्ड द्वारा लिए गए निर्णय केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देहरादून और मसूरी के संतुलित, आधुनिक और सुव्यवस्थित विकास की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि लैण्ड पूलिंग सहित विभिन्न परियोजनाएं निवेश को आकर्षित करेंगी, रोजगार के अवसर बढ़ाएंगी और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी। प्राधिकरण विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा।

यह भी पढ़ें 👉  तिरंगे के रंग में रंगा SGRRU, जोश और जज्बे के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बोर्ड से स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा प्रत्येक परियोजना को तकनीकी और प्रशासनिक मानकों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से क्रियान्वित किया जाएगा।

बैठक में बोर्ड के सभी नामित सदस्य एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में अध्यक्ष आनंद स्वरूप ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।

The Latest

To Top