शानदार:गढ़वाल की 52 गढ़ों वाली सीट पर फिर लहराया कमल, अनिल बलूनी ने कांग्रेस को दी मात


नेशनल डेस्क। लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों ने एक बार फिर उत्तराखंड की गढ़वाल लोकसभा सीट पर भाजपा का परचम लहरा दिया है। भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी ने कांग्रेस के गणेश गोदियाल को कड़ी टक्कर देते हुए 432159 वोटों के साथ धमाकेदार जीत दर्ज की।
गढ़वाल लोकसभा, जिसे पौड़ी लोकसभा के नाम से भी जाना जाता है, साल 2014 से भाजपा के कब्जे में है और इस बार भी वोटरों ने भरोसे की मुहर भाजपा पर लगाई है। पहले चरण में यहां 48.79% मतदान हुआ था, लेकिन जोश पूरे सौ फीसदी नजर आया।
क्यों खास है गढ़वाल लोकसभा सीट?
गढ़वाल सीट को यूं ही ’52 गढ़ों वाली सीट’ नहीं कहा जाता। ये इलाका आध्यात्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और वीरता का संगम है। बद्रीनाथ धाम से लेकर केदारनाथ, हेमकुंड साहिब से होते हुए रामनगर और कोटद्वार तक फैली इस सीट में देश की सीमाओं से सटे इलाके भी शामिल हैं। यह सीट चमोली, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और टिहरी गढ़वाल के हिस्सों को मिलाकर बनी है और इसमें कुल 14 विधानसभा क्षेत्र आते हैं।
यहां का हर कोना इतिहास, संस्कृति और वीरता की कहानी कहता है। चांदपुर किला, श्रीनगर, जोशीमठ, देवलगढ़ मंदिर और पांडुकेश्वर जैसे ऐतिहासिक स्थल इसकी पहचान हैं।
राजनीति में गढ़वाल की ताकत
गढ़वाल न सिर्फ भौगोलिक रूप से व्यापक है, बल्कि रणनीतिक दृष्टिकोण से भी बेहद अहम है। यही कारण है कि हर चुनाव में यह सीट सुर्खियों में रहती है। इस बार अनिल बलूनी की जीत ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि भाजपा का गढ़ अभी भी मजबूत है।



