उत्तराखंड

पौड़ी के तोली गांव में हिम्स जौलीग्रांट का स्वास्थ्य शिविर, 102 ग्रामीणों को मिला निःशुल्क उपचार

डोईवाला/देहरादून । हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स), जौलीग्रांट की ओर से पौड़ी गढ़वाल के तोली गांव स्थित हिमालयन संजीवनी क्लिनिक (टेलीमेडिसिन सेंटर) में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में तोली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के 102 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 46 पुरुष और 56 महिलाएं शामिल रहीं।

शिविर में सामुदायिक चिकित्सा, हड्डी रोग, जनरल मेडिसिन और नेत्र रोग विशेषज्ञों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। इस दौरान 102 लोगों की हीमोग्लोबिन और 92 लोगों की रैंडम ब्लड शुगर जांच की गई। विशेषज्ञों से परामर्श लेने वालों में 70 सामुदायिक चिकित्सा, 72 हड्डी रोग, 73 जनरल मेडिसिन और 52 नेत्र रोग के मरीज शामिल रहे। मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।

बेहतर उपचार और आगे की जांच के लिए 22 नेत्र रोगियों, 10 हड्डी रोगियों और दो ईएनटी मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया गया। शिविर में ग्रामीणों को उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसे गैर-संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। वहीं महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता की जानकारी देने के साथ 18 महिलाओं को सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए।

चिकित्सकों ने ग्रामीणों को संतुलित आहार, कम सोडियम वाले नमक के उपयोग और नियमित व्यायाम के महत्व के बारे में भी बताया। शिविर का आयोजन प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. जयन्ती सेमवाल के मार्गदर्शन तथा डॉ. नेहा शर्मा के पर्यवेक्षण में किया गया। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीणों के लिए विश्वविद्यालय की ओर से निःशुल्क वाहन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

शिविर में चिकित्सकों के साथ इंटर्न, पीएचडी शोधार्थियों, एमएसडब्ल्यू और अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग दिया। हिम्स की इस पहल से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराने में मदद मिली।

The Latest

To Top