उत्तराखंड

श्री दरबार साहिब में प्रीतम सिंह ने टेका मत्था, 140 करोड़ के बकाये पर सरकार को घेरा

देहरादून। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने सोमवार को ऐतिहासिक श्री दरबार साहिब पहुंचकर मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए अरदास की। इस दौरान उन्होंने परम पूज्य श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भेंट के दौरान प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

इस मुलाकात में सबसे प्रमुख मुद्दा श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल की करीब 140 करोड़ रुपये की बकाया धनराशि का रहा। प्रीतम सिंह ने मरीजों के उपचार पर खर्च हुई इस बड़ी धनराशि का भुगतान नहीं होने पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार से तत्काल भुगतान की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों के मरीजों के लिए भी जीवनरेखा की तरह काम कर रहा है। प्रतिदिन हजारों मरीज यहां बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल की बकाया धनराशि का भुगतान लंबित रहना चिंता का विषय है।

यह भी पढ़ें 👉  सुरकंडा देवी डोली उपासक अजय बिजल्वाण ने महापौर पासवान के परिवार संग मनाया छठ महापर्व,सूर्य को अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना

प्रीतम सिंह ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और आयुष्मान भारत, गोल्डन कार्ड, ईसीएचएस एवं सीजीएचएस जैसी योजनाओं के तहत मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए अस्पताल की सेवाएं बड़ी राहत साबित हो रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अस्पतालों का भुगतान समय पर नहीं हुआ तो प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  20 नवंबर को ऋषिकेश में सजेगी इगास की भव्य महफिल, जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम के जागरों से गूंजेगा IDPL मैदान

इस दौरान प्रीतम सिंह ने चकराता विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को सामने रखते हुए चकराता में श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल की शाखा खोलने की मांग रखी। साथ ही विकासनगर में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय का ऑफ-कैंपस स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा, ताकि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकें।

कांग्रेस विधायक ने कहा कि मार्च 2027 में कांग्रेस की सरकार बनने पर श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों की बकाया धनराशि का भुगतान तीन माह के भीतर कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  श्री दरबार साहिब पहुंचे उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज से हुई अहम मुलाकात

वहीं, श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने एसजीआरआर एजुकेशन मिशन के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में उपलब्ध उच्च शिक्षा की सुविधाओं की जानकारी साझा की। श्री दरबार साहिब की परंपरा के अनुरूप विधायक प्रीतम सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। महाराज जी ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।

इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता लालचन्द शर्मा तथा पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार भी मौजूद रहे।

श्री दरबार साहिब में हुई यह मुलाकात धार्मिक आस्था, जनसेवा और प्रदेश की स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर खास रही।

The Latest

To Top