एसजीआरआरयू में दीपोत्सव की धूम, हजारों दीपों से जगमगाया हैलीपैड ग्राउंड
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया। पथरी बाग स्थित विश्वविद्यालय के हैलीपैड ग्राउंड में आयोजित भव्य दीपोत्सव में हजारों दीपों की रोशनी ने परिसर को जगमगा दिया। लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव की रौनक बढ़ाई। कार्यक्रम में दुनिया की सबसे छोटी नैनो गाय विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान ग्रीन दीपावली और नो फायर क्रैकर्स का संदेश भी दिया गया।


दीपोत्सव के अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने देश एवं प्रदेशवासियों सहित एसजीआरआर ग्रुप के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. विपिन चन्द्र घिल्डियाल एवं कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कुलपति प्रो. घिल्डियाल ने कहा कि दीपोत्सव भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। दीपावली का प्रत्येक दीप ज्ञान, सकारात्मकता और सेवा भाव का संदेश देता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ उनमें सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करते हैं। कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने कहा कि दीपावली खुशियों, नई उम्मीदों और आपसी प्रेम का पर्व है, जो जीवन में ज्ञान और सद्भावना का प्रकाश फैलाने की प्रेरणा देता है।
दीपोत्सव का मुख्य आकर्षण उत्तराखंड के लोकप्रिय लोक गायक मंगलेश डंगवाल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। उन्होंने मां नंदा के जागर से कार्यक्रम की शुरुआत कर लोक आस्था और आध्यात्मिक परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की। इसके बाद सिल्की बांद, माया बांद, मेरी छोंदाड़ी और सेरा गौं की बांद माया रे सहित लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पहाड़ी लोकधुनों और पारंपरिक अंदाज में सजी उनकी प्रस्तुतियों पर हजारों छात्र-छात्राएं देर शाम तक थिरकते रहे।
विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगाए। हैलीपैड ग्राउंड की प्राकृतिक हरियाली और खुले वातावरण के बीच हजारों दीपों की टिमटिमाती रोशनी तथा मनमोहक विद्युत सजावट ने अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। आयोजन में विश्वविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



