उत्तराखंड

IAS बीडी तिवारी के निर्देश पर एमडीडीए का एक्शन, अवैध निर्माण पर चला सीलिंग का डंडा

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोमवार को देहरादून के माजरा और बंगाली कोठी क्षेत्र में दो भवनों को सील कर दिया। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत बिना स्वीकृति और नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण को निशाने पर लिया गया।

पहली कार्रवाई लाल बहादुर शास्त्री मार्ग स्थित माजरा में की गई, जहां इकराम द्वारा भूतल और प्रथम तल पर भवन निर्माण कराया जा रहा था। इस मामले में प्राधिकरण ने वाद संख्या आर-0439/एस-1/2022 के तहत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया। प्राधिकरण के अभिलेखों में यह मामला आनन्द बसेरा के नाम से दर्ज है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई बंगाली कोठी स्थित मोधरोवाला रोड पर की गई। यहां एमएस रावत द्वारा व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण ने इस मामले में वाद संख्या सी-03076/एस-2/2026 दर्ज करते हुए संबंधित निर्माण को सील कर दिया।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माण को किसी भी सूरत में प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चिह्नित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि एमडीडीए की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में निर्माण गतिविधियों की लगातार निगरानी कर रही हैं। बिना स्वीकृति या निर्धारित मानकों के विपरीत किए जा रहे निर्माण पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भवन स्वामियों और निर्माणकर्ताओं से निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां और मानचित्र की स्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।

एमडीडीए के अनुसार, देहरादून में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने के लिए अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

The Latest

To Top