हड़कंप:आंगन में निकला ‘चेकर्ड कीलबैक’, गौरव पुरोहित ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
टिहरी। नगरपालिका मुनिकीरेती-ढालवाला के वार्ड नंबर 10 स्थित बडोनी निवास के आंगन में देर शाम अचानक सांप निकलने से परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि परिजनों ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई और तत्काल पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी व वार्ड सभासद विनोद सकलानी को सूचना दी। दोनों ने वन विभाग मुनिकीरेती के फॉरेस्टर विजेंद्र चौहान को मामले से अवगत कराया।


फॉरेस्टर के निर्देश पर वनकर्मी गौरव पुरोहित तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बेहद सतर्कता और कुशलता के साथ सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे आबादी क्षेत्र से दूर गहरे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। सांप के रेस्क्यू होने के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
वन कर्मियों के मुताबिक रेस्क्यू किया गया सांप चेकर्ड कीलबैक प्रजाति का था, जिसे आम बोलचाल में पानी का सांप भी कहा जाता है। शरीर पर बने चौकोर-काले धब्बों के विशेष पैटर्न के कारण इसकी पहचान आसानी से की जा सकती है। यह गैर-विषैला सांप है और सामान्यतः जलस्रोतों, दलदली क्षेत्रों तथा धान के खेतों के आसपास पाया जाता है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। घबराने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।



