धामी ने कारगिल वीरों को किया नमन, ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ को दिखाई हरी झंडी
देहरादून। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी देहरादून शनिवार को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल, चीड़बाग से ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कारगिल के अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

मैराथॉन में युवाओं, पूर्व सैनिकों, मातृशक्ति और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। तिरंगा हाथों में लिए प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के बीच दौड़ लगाकर कारगिल के वीर सपूतों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम और शौर्य के उत्साह से सराबोर दिखाई दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। भारतीय सेना के जांबाज जवानों ने दुर्गम चोटियों पर अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का परिचय देकर देश को गौरवशाली विजय दिलाई। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने न केवल युद्ध जीता, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी कूटनीतिक क्षमता का प्रभावी परिचय दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल के अमर शहीदों का त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे वीर सैनिकों के आदर्शों को जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण और समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मैराथॉन का समापन गांधी पार्क में हुआ, जहां कैबिनेट मंत्री एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी और कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विभिन्न वर्गों के विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प भी लिया।
प्रतियोगिता में एनसीसी, छात्र-छात्राओं, पुरुष एवं महिला वर्ग, वरिष्ठ नागरिक, भूतपूर्व सैनिक और दिव्यांग वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेवानिवृत्त कर्नल) ओम प्रकाश फस्वाण, जिला क्रीड़ा अधिकारी सबाली गुरंग सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




