उत्तराखंड

SGRRU में हरेला पर्व पर हरित संकल्प, पौधारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

देहरादून। उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपरा और प्रकृति संरक्षण के प्रतीक हरेला पर्व के अवसर पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) में गुरुवार को पौधारोपण अभियान आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में डीन, विभागाध्यक्षों, संकाय सदस्यों एवं अधिकारियों ने पौधे रोपकर हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी संवेदनशीलता, कृतज्ञता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण का अभियान जनआंदोलन का रूप ले सकता है और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं हरित भविष्य मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि SGRRU गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्वों के निर्वहन को भी अपनी प्राथमिकता मानता है। विश्वविद्यालय समय-समय पर पौधारोपण, स्वच्छता और जनजागरूकता अभियान संचालित कर समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक चेतना विकसित करने का कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण कर हरित परिसर, स्वच्छ पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया तथा हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।

The Latest

To Top