इशिता सजवाण का विकास मंत्र: डिजिटल शिक्षा, ई-गवर्नेंस और रिवर्स माइग्रेशन से बदलेगी टिहरी की तस्वीर
नई टिहरी। जिला पंचायत टिहरी गढ़वाल की सामान्य बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने जनपद के विकास की नई दिशा तय करते हुए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से स्पष्ट कहा कि टिहरी के समग्र विकास के लिए अब केवल योजनाएं बनाने का समय नहीं, बल्कि तय रोडमैप के अनुसार परिणाम देने का समय है। उन्होंने डिजिटल शिक्षा, ई-गवर्नेंस, रिवर्स माइग्रेशन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
बौराड़ी स्थित जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, जल निगम, वन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, विद्युत, समाज कल्याण समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए इशिता सजवाण ने कहा कि पंचायतों के विकास के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार कर योजनाओं को धरातल पर उतारना होगा। उन्होंने प्रत्येक विद्यालय में स्मार्ट क्लास स्थापित करने, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने, ई-गवर्नेंस के माध्यम से पारदर्शिता लाने और पलायन रोकने के लिए रोजगार आधारित योजनाओं पर विशेष फोकस करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की संयुक्त जिम्मेदारी है कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को जन आंदोलन का रूप देने पर जोर देते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत में डोर-टू-डोर जनजागरूकता अभियान चलाने और गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण को अनिवार्य रूप से लागू करने की आवश्यकता बताई।
बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्यों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सड़क निर्माण, डामरीकरण, स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं का विस्तार, विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति, 108 एंबुलेंस की उपलब्धता, सामुदायिक भवन निर्माण और लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठकों में जिला पंचायत सदस्यों को भी शामिल किए जाने की मांग रखी, जबकि मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने विभागों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने स्पष्ट कहा कि टिहरी के विकास की गति तभी तेज होगी, जब सभी विभाग एक टीम की तरह काम करेंगे और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।









