SGRRU में योग दिवस की धूम, स्वस्थ जीवन का दिया गया सशक्त संदेश
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, एनसीसी कैडेट्स एवं विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ योगिक साइंस एंड नेचुरोपैथी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही, जिसके माध्यम से लोगों को निरोग एवं संतुलित जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसने आज वैश्विक स्तर पर विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवनशैली है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के. प्रतापन ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप विश्वविद्यालय में योग आधारित विभिन्न पाठ्यक्रम विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों के बीच योग शरीर एवं मन को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
इस अवसर पर स्कूल ऑफ योगिक साइंस एंड नेचुरोपैथी के प्रतिभाशाली छात्र सुमीर ज्ञवाली को भी सम्मानित किया गया। हाल ही में विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। कुलपति प्रो. के. प्रतापन ने उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।
स्कूल ऑफ योगिक साइंस एंड नेचुरोपैथी की डीन एवं योग विभाग की प्रोफेसर डॉ. ओम नारायण तिवारी ने कहा कि योग व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और मानसिक संतुलन का विकास करता है। उन्होंने सभी से स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम समन्वयक एवं योग विभाग के डॉ. सुरेंद्र रायल के नेतृत्व में आयोजित योग सत्र में छात्रों, शिक्षकों एवं एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय सहभागिता की। उन्होंने योगासनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शरीर और मस्तिष्क की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने वाला प्रभावी माध्यम है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने विश्वविद्यालय परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का प्रेरणादायी संदेश प्रसारित किया।








