अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का संदेश, योग को बनाएं जीवन का हिस्सा
देहरादून, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ, संतुलित एवं सफल जीवन का आधार बताया। इस अवसर पर उन्होंने श्री दरबार साहिब परिसर में योगाभ्यास कर जनमानस को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
अपने संदेश में श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनाव से मुक्ति, मानसिक शांति और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का सबसे सरल एवं प्रभावशाली उपाय है।
श्रीमहंत महाराज ने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक बनाता है। उन्होंने सभी आयु वर्ग के लोगों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आधुनिक जीवनशैली की चुनौतियों और तनावपूर्ण वातावरण का सामना करने के लिए योग को अपनाना समय की आवश्यकता है। योग न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि आत्मविश्वास, एकाग्रता और मानसिक दृढ़ता भी प्रदान करता है।
श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए समर्पित करे तो स्वस्थ, जागरूक और खुशहाल भारत के निर्माण का सपना आसानी से साकार किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया।








