उत्तराखंड

धामी सरकार का रोजगार अभियान तेज, साढ़े चार साल में 33 हजार से अधिक युवाओं को मिली नौकरी

देहरादून, 9 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) के माध्यम से शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग में विभिन्न पदों पर चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देगी और पारदर्शी व्यवस्था के तहत रिकॉर्ड समय में भर्तियां पूरी की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि चयनित युवाओं के चेहरों की मुस्कान इस बात का प्रमाण है कि सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। युवा केवल वर्तमान ही नहीं, बल्कि राज्य के भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं और उन्हें रोजगार तथा स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई स्टार्टअप नीति, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक और तकनीकी रूप से मजबूत किया जा रहा है। सरकार के प्रयासों से युवा अपने सपनों को लेकर पहले से अधिक आश्वस्त हैं।

धामी ने कहा कि एक समय ऐसा था, जब युवाओं के सपनों और उनके अभिभावकों के त्याग के साथ अन्याय होता था, लेकिन अब भर्ती प्रक्रियाएं रिकॉर्ड समय में पूरी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और सभी विभागों को रिक्त पदों को शीघ्र भरने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों से सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि के मंत्र को अपनाकर गरीब और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नए कर्मचारी केवल सरकारी सेवक नहीं, बल्कि उत्तराखंड के विकास यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी भी हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि धामी के नेतृत्व में हजारों युवाओं को बिना किसी विवाद और शिकायत के सरकारी नौकरियां मिली हैं। वहीं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश में अब बिना किसी सिफारिश के पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां हो रही हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल, उपाध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, सचिव नितेश झा, अपर सचिव सी. रविशंकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

The Latest

To Top