थर्ड पार्टी व्यवस्था के विरोध में सफाई कर्मियों का अनिश्चितकालीन धरना
रुड़की। नगर निगम रुड़की में सफाई कर्मचारियों और कूड़ा वाहन चालकों को थर्ड पार्टी कंपनी के माध्यम से काम पर रखने के प्रस्ताव के विरोध में कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। धरना शुरू होने के बाद नगर निगम के अधिकारी कर्मचारियों से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
देवभूमि निकाय संयुक्त कर्मचारी महासंघ (भारतीय मजदूर संघ उत्तराखंड) के बैनर तले कर्मचारियों ने नगर आयुक्त और मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगें रखीं। कर्मचारियों का कहना है कि नगर निगम में वर्षों से कार्यरत सफाई कर्मचारियों और कूड़ा वाहन चालकों को नियमित किया जाए और उन्हें थर्ड पार्टी कंपनी के अधीन कार्य करने के लिए बाध्य न किया जाए।
कर्मचारियों के अनुसार नगर निगम बोर्ड की बैठक में तीन मार्च 2025 को स्वच्छता समिति तथा आउटसोर्सिंग कूड़ा वाहन चालकों को नियमित कर लगभग 30 हजार रुपये मासिक वेतन देने का प्रस्ताव पारित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों को थर्ड पार्टी कंपनी के माध्यम से काम पर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसका संगठन विरोध कर रहा है।
कर्मचारियों ने मांग की है कि वर्ष 2003 से 2024 तक कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए तथा उन्हें 30 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाए। इसके साथ ही मृतक कर्मचारियों के परिजनों को नियमानुसार नौकरी और पेंशन दी जाए तथा जिन कर्मचारियों को कार्य से हटाया गया है उन्हें पुनः कार्य पर रखा जाए।
कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। वहीं नगर निगम के अधिकारी कर्मचारियों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
इस दौरान पूर्व मेयर गौरव गोयल भी धरना स्थल पर पहुंचे और सफाई कर्मियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि नगर में सफाई व्यवस्था ठप होने से कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लग गए हैं और सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं पर शीघ्र ध्यान दिए जाने की बात कही।



