मानव सेवा के महामंत्र को नमन: स्वामी राम के महासमाधि दिवस पर ‘पहाड़’ फाउंडेशन को 10 लाख का प्रतिष्ठित सम्मान
देहरादून/डोईवाला। हिमालयन इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट (एचआईएचटी) के संस्थापक ब्रह्मलीन डॉ. स्वामी राम का 31वां महासमाधि दिवस शुक्रवार को स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू), जौलीग्रांट परिसर में श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अध्यात्म, शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा के क्षेत्र में डॉ. स्वामी राम के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। समारोह में मुख्य अतिथि निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. कैलाशानंद गिरी ने डॉ. स्वामी राम को नमन करते हुए कहा कि वह विश्व की धरोहर थे। मानवता की सेवा ही उनके जीवन का मूल उद्देश्य रहा।


समारोह का मुख्य आकर्षण वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित स्वामी राम मानवता पुरस्कार रहा, जो नैनीताल की सामाजिक एवं पर्यावरणीय क्षेत्र में सक्रिय संस्था ‘पहाड़’ फाउंडेशन को प्रदान किया गया। संस्था को 10 लाख रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र और गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से प्रो. गिरिजा पांडे और डॉ. पूरन बिष्ट ने पुरस्कार ग्रहण किया।
मुख्य अतिथि डॉ. कैलाशानंद गिरी ने कहा कि डॉ. स्वामी राम ने अध्यात्म, शिक्षा, चिकित्सा और मानव सेवा के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। उनका जीवन इस बात का उदाहरण है कि सच्ची साधना वही है, जो मानवता की सेवा से जुड़ी हो। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को निस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
एसआरएचयू के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माणा ने संस्थापक डॉ. स्वामी राम से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए संस्थान की गौरवशाली यात्रा और सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. स्वामी राम की विचारधारा ‘योगः कर्मसु कौशलम्’ और मानव सेवा के आदर्शों से प्रेरित होकर एचआईएचटी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 से एचआईएचटी की ओर से स्वामी राम मानवता पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आर्थिक, पर्यावरणीय, वैज्ञानिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों के कार्यों को प्रोत्साहित करना है।
‘पहाड़’ फाउंडेशन वर्ष 1982 से हिमालयी समाज, प्रकृति, पर्यावरण और संस्कृति के संरक्षण एवं शोधपरक अध्ययन के लिए कार्य कर रहा है। चिपको आंदोलन की चेतना से प्रेरित यह संस्था स्वतंत्र चिंतन, स्थानीय ज्ञान और पर्वतीय समुदायों के अनुभवों को प्रमुखता देती है। संस्था की द्विवार्षिक बहुविषयक पत्रिका ‘पहाड़’ के 20 से अधिक अंक प्रकाशित हो चुके हैं। पुस्तकों, पोस्टरों और मानचित्रों के माध्यम से भी संस्था हिमालयी विरासत और पर्यावरणीय मुद्दों को व्यापक स्तर पर सामने लाती रही है।
इस अवसर पर संस्थान के 37 कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कर्मचारी पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। इनमें टीचर ऑफ द ईयर डॉ. सनोबर वसीम, रिसर्चर ऑफ द ईयर डॉ. विजय कुमार तथा क्लीनिशियन अवॉर्ड के लिए डॉ. प्रिया रामाकृष्णन और डॉ. मोहम्मद अकरम शामिल रहे। इसके अतिरिक्त प्रशासनिक, नर्सिंग, एलाइड हेल्थकेयर, कार्यालय, सहयोगी स्टाफ तथा क्लीन एंड ग्रीन सेवा श्रेणियों में भी कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। समारोह में संस्थान के वार्षिक कैलेंडर-2027 का विमोचन भी किया गया।
—डायबिटीज मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा
महासमाधि दिवस के अवसर पर हिम्स जौलीग्रांट में अत्याधुनिक डायबिटीज फुट लैब का भी शुभारंभ किया गया। एसआरएचयू के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माणा ने लैब का उद्घाटन करते हुए कहा कि मधुमेह के कारण पैरों की नसों और रक्त संचार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। समय रहते जांच और उपचार से गंभीर जटिलताओं को रोका जा सकता है। सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. हेमंत नौटियाल ने बताया कि लैब में पैरों की संवेदनशीलता, नसों की कार्यक्षमता और रक्त संचार की जांच की जाएगी। इससे डायबिटिक फुट, घाव और संक्रमण के खतरे की शुरुआती पहचान संभव होगी। विश्व डायबिटीज दिवस पर 14 नवंबर को डायबिटीज फुट संबंधी जांच निशुल्क की जाएगी।
समारोह से पूर्व मुख्य अतिथि डॉ. कैलाशानंद गिरी ने स्वामी राम सेंटर पहुंचकर ब्रह्मलीन डॉ. स्वामी राम को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन दर्शन एवं मानव सेवा के कार्यों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में डॉ. विजेंद्र चौहान ने आभार व्यक्त किया। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर पूर्व कुलाधिपति तान श्री दतुक डॉ. मोहन स्वामी, विक्रम सिंह, कुलपति डॉ. प्रसाद वाडेगावकर, डॉ. प्रकाश केशवया, डॉ. सुनील सैनी, डॉ. रेनू धस्माणा सहित संस्थान के अधिकारी, शिक्षक, चिकित्सक, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गरिमा कपूर ने किया।







