धामी कैबिनेट के 23 बड़े फैसले: हरिद्वार में तीन कॉरिडोर को मंजूरी, वन भूमि पर बसे परिवारों को भी बड़ी राहत
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक समाप्त हो गई है। बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मंत्रिमंडल ने अपनी मुहर लगाई। मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।
कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों, स्वास्थ्य सेवाओं, आवास, खनन, पेयजल, वन भूमि और धार्मिक पर्यटन से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक पद स्वीकृत किया गया है। वहीं, श्रम विभाग के तहत सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को भी मंजूरी दी गई है। कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत उत्तराखंड फार्मा संवर्ग में संशोधन का निर्णय लिया गया।
चीनी मिलों को आर्थिक राहत देने के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी उपलब्ध कराएगी। इससे चीनी मिलें बैंकों से ऋण प्राप्त कर सकेंगी। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले चिकित्सकों के लिए दो वर्ष का अनिवार्य सेवा अनुबंध लागू करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा पीजी करने वाले छात्रों को भी बॉन्ड व्यवस्था के दायरे में लाया जाएगा। फार्मासिस्ट संवर्ग में डी-फार्मा के साथ बी-फार्मा अभ्यर्थियों को भी शामिल करने तथा उत्तराखंड एक्स-रे प्राविधिक सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव से संबंधित प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली। सेतु आयोग में आईटी से जुड़े पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद सृजित किए जाएंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि के संबंध में मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
खनन क्षेत्र में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास के शुल्क की दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि खनन की रॉयल्टी में कोई वृद्धि नहीं की गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली से जुड़े मामले में मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित की गई है। समिति की संस्तुति के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
वन विभाग से जुड़े फैसले में उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली के तहत 31 दिसंबर 2028 तक वन आरक्षी पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है।
आवास विभाग के तीन प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में राहत देने का निर्णय लिया गया है। प्राधिकरण, यूडीए और शासन स्तर पर नियमों में शिथिलता प्रदान करने की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही लैंड यूज परिवर्तन की दरों को घटाकर पहले की दरों के एक चौथाई से भी कम कर दिया गया है।
धर्मनगरी हरिद्वार में पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (पीआरटी) परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर विकसित किए जाने को मंजूरी दी गई है। इनमें पहले कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक प्रस्तावित है। इसकी लंबाई 15 किलोमीटर बताई गई है, जबकि परियोजना के विवरण में 21.08 किलोमीटर का उल्लेख किया गया है। इस कॉरिडोर में कुल 21 स्टेशन बनाए जाएंगे।
ऋषिकेश के बापूग्राम स्थित आरक्षित वन क्षेत्र की 594.94 एकड़ भूमि को लेकर भी कैबिनेट में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों सहित विभिन्न पहलुओं पर विचार करते हुए वन भूमि में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति बनी है। अब राज्य सरकार इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।
इसके अलावा उत्तराखंड पंचम विधानसभा के सत्रावसान को मंजूरी दी गई। उत्तराखंड महाधिवक्ता कार्यालय नियमावली में संशोधन तथा उत्तराखंड महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
कैबिनेट के इन फैसलों को प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था, कर्मचारियों के हितों, स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



