उत्तराखंड

गुरुकुल कांगड़ी में तकनीकी शिक्षा को नई उड़ान, पांच दिवसीय CAD मॉडलिंग बूटकैंप संपन्न

हरिद्वार, 17 अक्टूबर, (वार्ता )। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के मैकेनिकल विभाग में 12 से 16 अक्टूबर तक पांच दिवसीय कंप्यूटर-एडेड डिजाइन (CAD) मॉडलिंग बूटकैंप का आयोजन किया गया। बूटकैंप में विद्यार्थियों को डिजिटल मॉडलिंग, 2डी ड्राफ्टिंग, 3डी पैरामीट्रिक मॉडलिंग और आधुनिक औद्योगिक डिजाइन तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

समविश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आभार व्यक्त करते हुए मैकेनिकल विभाग के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने और उन्हें औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  ऋषिकेश में आरोग्य गरबा-डांडिया उत्सव का धमाल, भारतीय संस्कृति के रंगों में रंगा अनिल फार्म

कार्यक्रम के संयोजक एवं मैकेनिकल विभाग के प्रभारी डॉ. संजीव लांबा ने बताया कि बूटकैंप का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्तमान उद्योग जगत की व्यावहारिक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करना था। मुख्य प्रशिक्षक हर्ष चौरसिया ने प्रतिदिन तकनीकी सत्रों और प्रयोगशाला कक्षाओं का संचालन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक CAD टूल्स, स्केचिंग, पार्ट मॉडलिंग, असेंबली निर्माण और रेंडरिंग की तकनीकें व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाईं। विद्यार्थियों ने वास्तविक इंजीनियरिंग परियोजनाओं पर काम करते हुए जटिल 3डी मॉडल तैयार करने का अभ्यास भी किया।

यह भी पढ़ें 👉  गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय में 123वीं विजयादशमी क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

समापन समारोह में संकाय अध्यक्ष एवं डीन प्रो. (डॉ.) मयंक अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक दक्षता भी आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षक हर्ष चौरसिया के मार्गदर्शन और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे तकनीकी कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा नवाचार को बढ़ावा देने में सहायक हैं।

सहायक कुलसचिव डॉ. पंकज कौशिक ने औद्योगिक परिदृश्य और भविष्य के विनिर्माण क्षेत्र में CAD की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ऑटोमोबाइल, एयरोस्पेस, वास्तुकला, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में निर्माण से पहले पुर्जों के सटीक 3डी मॉडल तैयार किए जाते हैं। इससे डिजाइन प्रक्रिया अधिक प्रभावी होती है और समय एवं निर्माण लागत में कमी लाने में मदद मिलती है।

यह भी पढ़ें 👉  Action:धामी सरकार में MDDA का बुलडोजर एक्शन,VC तिवारी की सख्ती से 20 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

समापन सत्र के अंत में जसबीर सिंह एवं डॉ. विशाल पंवार ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक डिजाइन तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ, जो उनके तकनीकी कौशल और रोजगारपरक दक्षता को मजबूत करने में सहायक होगा।

The Latest

To Top