सीएम धामी से मिला पुरोहित महासंघ, पुरोहित कल्याण आयोग गठन की मांग उठाई
देहरादून। अखिल भारतीय पुरोहित महासंघ, उत्तराखंड प्रांत के शिष्टमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें सफल पांच वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान महासंघ ने प्रदेश में पुरोहित कल्याण आयोग के गठन की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
शिष्टमंडल में प्रदेश अध्यक्ष रमेश लेखवार (अत्रि जी महाराज), प्रदेश संयोजक एवं प्रवक्ता डॉ. स्वामी एस. चंद्रा, प्रदेश महामंत्री उदित पांडेय, प्रदेश मीडिया प्रभारी महेंद्र सिंह राणा तथा सह मीडिया प्रभारी उमा शंकर कुकरेती शामिल रहे। महासंघ की ओर से मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, शक्तिपीठ मां सुरकंडा का चित्र एवं प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही राज्य सरकार द्वारा कालनेमी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का समर्थन भी व्यक्त किया गया।
प्रदेश संयोजक एवं प्रवक्ता डॉ. स्वामी एस. चंद्रा ने मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा कि उत्तराखंड में पुरोहित कल्याण आयोग के गठन से मंदिरों, मठों, गुरुद्वारों और अन्य धार्मिक स्थलों में सेवा देने वाले पुरोहितों एवं धार्मिक कर्मियों के सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में इस प्रकार के आयोग अथवा बोर्ड पहले से कार्यरत हैं, जबकि तमिलनाडु सरकार भी इस दिशा में पहल कर रही है।
महासंघ ने मांग की कि आयोग के गठन से जरूरतमंद पुरोहित परिवारों के लिए पेंशन, स्वास्थ्य सहायता, निर्धन कन्याओं के विवाह में आर्थिक सहयोग सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ज्ञापन पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। महासंघ ने बताया कि आयोग गठन के समर्थन में प्रदेश की सामाजिक एवं धार्मिक विभूतियों से भी व्यापक स्तर पर संपर्क अभियान चलाया जाएगा।




