उत्तराखंड

डीएम सविन बंसल का बड़ा एक्शन: आंगनबाड़ी राशन सप्लाई वाले रुड़की सेंट्रल गोदाम पर छापेमारी

देहरादून/रुड़की। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने आंगनबाड़ी केंद्रों को आपूर्ति की जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए रुड़की के माड़ी चौक स्थित सेंट्रल गोदाम पर अचानक छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान गोदाम में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ समय से आंगनबाड़ी केंद्रों पर भेजी जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते गुरुवार को सेंट्रल गोदाम पर औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान खजूर और केले के चिप्स के पैकेटों पर अंकित मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी तिथि संदिग्ध पाई गई। कई पैकेटों पर तिथि का स्पष्ट उल्लेख नहीं था, जबकि कुछ पैकेटों पर छपी तिथि के स्थान पर स्टैंप से तिथि अंकित की गई थी।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि दिसंबर और जनवरी में खरीदे गए अंडों और अन्य खाद्य सामग्री को मार्च माह में आंगनबाड़ी केंद्रों पर वितरित किया जा रहा था, जो बच्चों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसके अलावा अंडों की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई।
गोदाम में निरीक्षण के दौरान बाल श्रमिक भी कार्य करते मिले। इस पर जिलाधिकारी ने गोदाम स्वामी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही पाया गया कि गोदाम का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा था और खाद्य सामग्री के संरक्षण के लिए तापमान नियंत्रित रखने की कोई समुचित व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं थी।
जांच के दौरान रजिस्टर अद्यतन नहीं मिले और सामग्री आपूर्ति करने वाली संस्था द्वारा जारी गुणवत्ता प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं कराया जा सका। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
छापेमारी के दौरान जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भेजे जा रहे वाहनों को भी रुकवाया और उनमें लदी खाद्य सामग्री के सैंपल लिए। ये वाहन टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला क्षेत्रों के लिए सामग्री लेकर रवाना होने वाले थे।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सुरेंद्र देव, कानूनगो रुड़की संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून में सजने लगा आस्था का महापर्व, श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज की अगुवाई में झंडा मेला तैयार

The Latest

To Top