उत्तराखंड

हिण्डोलाखाल-दुरोगी मार्ग पर भीषण हादसा, एक ही परिवार के पांच लोग घायल

टिहरी । हिण्डोलाखाल-दुरोगी मोटर मार्ग पर शुक्रवार अपराह्न पंचायत भवन के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वाहन चालक नेत्र सिंह पुत्र हरि सिंह सहित उनके वृद्ध माता-पिता, पुत्रवधू और एक अन्य अधेड़ महिला घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार, नेत्र सिंह हिण्डोलाखाल से अपने पैतृक गांव दुरोगी लौट रहे थे। दोपहर करीब 1:45 बजे पंचायत भवन के समीप अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे रुक गई। हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार ने सड़क किनारे लगे तीन सूचना बोर्ड भी क्षतिग्रस्त कर दिए तथा वाहन का सामान सड़क पर बिखर गया।

यह भी पढ़ें 👉  अग्निवीरों को धामी सरकार का बड़ा उपहार, बनेगा देश का पहला 'अग्निवीर सेल'

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। छाम गांव के सुनील चिरंजी लाल सहित कई युवक-युवतियों ने घायलों को सुरक्षित वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हिण्डोलाखाल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि हादसे में नेत्र सिंह के वृद्ध माता-पिता के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं तथा उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।
राहत एवं बचाव अभियान में सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र भण्डारी, ग्राम प्रधान जगमोहन सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें 👉  मालदेवता से गूंजा हरियाली का संकल्प, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का भव्य आगाज

The Latest

To Top