नरेंद्रनगर वन प्रभाग में वन सुरक्षा और हरियाली मिशन को नई धार
टिहरी। नरेंद्रनगर वन प्रभाग में वन सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और पौध उत्पादन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। गढ़वाल मंडल के मुख्य वन संरक्षक डॉ. डी.जे. पाण्डेय ने गुरुवार शाम को ऋषिकेश स्थित लीसा डिपो और केंद्रीय आधुनिक वन पौधशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वनाग्नि रोकथाम, पौधों की गुणवत्ता और स्थानीय लोगों की आजीविका बढ़ाने को लेकर अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए।
मुख्य वन संरक्षक ने सबसे पहले लीसा डिपो की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए अग्निशमन उपकरणों को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा जंगलों में आग की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी, नियमित गश्त और त्वरित सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
इसके बाद केंद्रीय आधुनिक वन पौधशाला का निरीक्षण किया गया, जहां विभिन्न प्रजातियों के 4 लाख 59 हजार 595 पौधे तैयार किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान पौधों की गुणवत्ता, रखरखाव और उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली गई। डॉ. पाण्डेय ने पौधों की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए उच्च गुणवत्ता वाले पौध तैयार करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण में पौधशाला परिसर के क्षतिग्रस्त भवनों को निष्प्रयोज्य घोषित कर नए भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही मालदेवता पौधशाला की तर्ज पर महिला पौधशाला स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों का मानना है कि इससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिल सकेंगे।
डॉ. पाण्डेय ने मिट्टी संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए घास प्रजातियों के रोपण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों में मिट्टी कटाव रोकने के लिए घास प्रजातियों का विस्तार बेहद जरूरी है। इसके अलावा पौधशाला में तैयार किए जा रहे बांस, साल और अखरोट के पौधों को स्थानीय क्षेत्रों में रोपित और वितरित करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि बांस रोपण ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी दिगांथ नायक, उप प्रभागीय वनाधिकारी अनिल पैन्यूली, किशोर नौटियाल, रेंज ऑफिसर विवेक जोशी, लीसा डिपो इंचार्ज के.एस. पंवार समेत वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



