धामी ने सीमांत बाल विज्ञान महोत्सव का किया भव्य उद्घाटन


रुद्रप्रयाग, 15 अक्टूबर:
उत्तराखण्ड विज्ञान एंव प्रौद्योगिकी परिषद (सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग) द्वारा वर्ष 2025-26 के चतुर्थ सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का राज्य स्तरीय आयोजन आज पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बणसू, जाखधार, गुप्तकाशी में हुआ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान उन्होंने बाल वैज्ञानिकों से संवाद किया और उनकी शंकाओं का समाधान भी किया। कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए 238 बाल वैज्ञानिक (90 छात्र और 148 छात्राएँ) ने जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक जल संसाधन संरक्षण, आपदा प्रबंधन, ऊर्जा संरक्षण और विज्ञान-प्रौद्योगिकी जैसे विषयों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने युकोस्ट रुद्रप्रयाग डैशबोर्ड पुस्तक का विमोचन किया। यह GIS आधारित रिमोट सिस्टम डैशबोर्ड है, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध होगी। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों को बताया कि सीमांत क्षेत्रों में नवाचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहाँ आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी जानकारी व प्रशिक्षण उपलब्ध होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, उद्यमी इंद्र सिंह रावत और डॉ. पाटनी को सम्मानित किया। उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय में विभिन्न कार्यों हेतु 50 लाख रुपये देने की घोषणा की और जनपद में आपदा प्रबंधन केंद्र के निर्माण की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सीमांत क्षेत्रों में सीमांत क्षेत्र विकास परिषद के गठन की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है, और देहरादून देश की पाँचवीं साइंस सिटी बनने जा रही है, जो पर्वतीय राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम में विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, महानिदेशक युकोस्ट प्रो. दुर्गेश पंत, उपाध्यक्ष महिला बाल विकास ऐश्वर्या रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिलाधिकारी प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।








