स्वदेशी महोत्सव: हुनर को पहचान, पहाड़ को सम्मान!
देहरादून। हुनर है तो उसे छिपाने की जरूरत नहीं, अब अपनी प्रतिभा को दुनिया के सामने लाने का अवसर मिलेगा। स्थानीय कलाकारों, युवाओं, महिला उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में दस दिवसीय स्वदेशी महोत्सव का आगाज होने जा रहा है। स्मृति विकास संस्थान की ओर से 13 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाला यह महोत्सव स्वदेशी उत्पादों, स्थानीय उद्यमिता और उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति का बड़ा मंच बनेगा। शुक्रवार शाम पांच बजे पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।


महोत्सव का आकर्षण केवल खरीदारी और मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यहां प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का भी अवसर मिलेगा। नृत्य, गायन, पेंटिंग सहित विभिन्न विधाओं में रुचि रखने वाले प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि इस पहल से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ उन्हें आगे बढ़ने का नया अवसर मिलेगा।
संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2015 से संस्था लगातार स्वदेशी मेलों और प्रदर्शनियों का आयोजन कर रही है। इसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, लघु उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना और आमजन में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के प्रति जागरूकता पैदा करना है। इस बार भी महोत्सव में पहाड़ी उत्पादों, हस्तशिल्प, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को विशेष स्थान दिया गया है।
संस्था के सचिव आधार वर्मा के अनुसार महोत्सव में 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प, लघु उद्योगों, स्टार्टअप और सरकारी विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी। फूड एवं गेमिंग स्टॉल भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। खास बात यह है कि महोत्सव में आम जनता के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
महोत्सव के संयोजक प्रवीण ममगाईं ने बताया कि आयोजन के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। कवि सम्मेलन, गढ़वाली सांस्कृतिक संध्या, मनोरंजक गतिविधियां, झूले और फूड कोर्ट महोत्सव को उत्सवी रंग देंगे। वहीं, उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए 16 नवंबर को विद्यार्थी सम्मेलन, 17 नवंबर को किसान सम्मेलन, 18 नवंबर को महिला सम्मेलन और 19 नवंबर को कारीगरों एवं उद्यमियों का प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा स्वरोजगार, वित्तीय साक्षरता और डिजिटल मार्केटिंग पर सेमिनार, कार्यशालाएं एवं कौशल प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित होंगे। इनके माध्यम से युवाओं, महिलाओं और छोटे कारोबारियों को व्यवसाय शुरू करने तथा उसे आगे बढ़ाने की जानकारी दी जाएगी।
आयोजकों के मुताबिक स्वदेशी महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर स्वदेशी-घर घर स्वदेशी’ के आह्वान और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को जन-जन तक पहुंचाने की पहल है। महोत्सव का मकसद स्थानीय हुनर को पहचान, पहाड़ी उत्पादों को बाजार और छोटे उद्यमियों को आर्थिक मजबूती के अवसर उपलब्ध कराना है। आयोजकों ने देहरादून एवं आसपास के क्षेत्रवासियों से महोत्सव में पहुंचकर स्थानीय कलाकारों और उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।



