आईआईटी दिल्ली के साथ एसजीआरआरयू का करार, इंजीनियरिंग छात्रों के लिए खुलेंगे नए अवसर
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) और देश के प्रतिष्ठित तकनीकी एवं शोध संस्थान आईआईटी दिल्ली के बीच गुरुवार को नई दिल्ली में महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए। इस समझौते से एसजीआरआरयू के इंजीनियरिंग छात्र-छात्राओं को अत्याधुनिक तकनीक, शोध और विशेषज्ञ मार्गदर्शन के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे। एमओयू की खुशी में एसजीआरआरयू परिसर में मिठाई बांटकर जश्न मनाया गया।
एमओयू के तहत दोनों संस्थान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), आधुनिक कृषि, हेल्थ साइंसेज, नवाचार और अत्याधुनिक अनुसंधान के क्षेत्र में शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को बढ़ावा देंगे। दोनों संस्थानों के बीच फैकल्टी एक्सचेंज, छात्र-छात्राओं एवं शोधार्थियों के अकादमिक आदान-प्रदान, नवीन शोध एवं तकनीकी जानकारियों की साझेदारी तथा संयुक्त शोध परियोजनाओं पर काम करने के अवसर विकसित किए जाएंगे।
नई दिल्ली स्थित आईआईटी दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में एसजीआरआरयू की ओर से कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर और आईआईटी दिल्ली की ओर से प्रो. (डॉ.) अश्विनी के. अग्रवाल ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। डॉ. लोकेश गम्भीर ने कहा कि यह समझौता विश्वविद्यालय में रिसर्च, इनोवेशन और इंटरडिसिप्लिनरी लर्निंग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आईआईटी दिल्ली की विशेषज्ञता और एसजीआरआरयू की अकादमिक एवं शोध क्षमताओं के बीच सहयोग से विद्यार्थियों को नई तकनीकों को समझने और शोध कौशल विकसित करने का बेहतर अवसर मिलेगा।
समझौते के तहत एआई, आधुनिक कृषि तकनीक, हेल्थ साइंसेज और अन्य उभरते क्षेत्रों में संयुक्त शोध एवं नवाचार को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाएगा। निकट भविष्य में आईआईटी दिल्ली के वैज्ञानिक और शिक्षाविद एसजीआरआरयू के इंजीनियरिंग छात्र-छात्राओं के साथ संवाद भी करेंगे। इससे विद्यार्थियों को देश के अग्रणी तकनीकी संस्थान के विशेषज्ञों से सीधे सीखने और अपने शोध एवं करियर से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, आईआईटी दिल्ली के साथ यह साझेदारी एसजीआरआरयू के विद्यार्थियों और शोधार्थियों को उच्च स्तरीय शोध, विशेषज्ञ मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय अकादमिक अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर डॉ. लोकेश गम्भीर, डॉ. पंकज कुमार गर्ग, डॉ. सोनिया गम्भीर और डॉ. अशोक भण्डारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






