एमडीडीए का अवैध निर्माण पर शिकंजा, मसूरी में दो प्लेटफार्म सील
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए मसूरी क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमति के बनाए जा रहे दो प्लेटफार्म सील कर दिए। कार्रवाई के बाद एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में नियमों की अनदेखी कर किए जा रहे निर्माण को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
एमडीडीए के अनुसार, मसूरी-देहरादून मोटर मार्ग पर हनुमान मंदिर से आगे मसूरी क्षेत्र में भूस्वामी हेमंत कुमार द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र एवं आवश्यक अनुमति के निर्माण कराया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान लोहे के चैनलों की सहायता से दो प्लेटफार्म बनाए जाने का मामला सामने आया।
प्राधिकरण की ओर से संबंधित भूस्वामी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया था। हालांकि, पक्ष की ओर से प्रस्तुत किया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद एमडीडीए की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके पर निर्मित दोनों प्लेटफार्म को सील कर दिया।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बीडी तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में नियमों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करना एमडीडीए की प्राथमिकता है। बिना स्वीकृत मानचित्र अथवा आवश्यक अनुमति के निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि शहर के सुनियोजित विकास और भवन निर्माण के निर्धारित मानकों का पालन जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण की टीमें क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों की लगातार निगरानी कर रही हैं। बिना स्वीकृति अथवा अनुमति के किए जा रहे निर्माण को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति और स्वीकृत मानचित्र प्राप्त करना अनिवार्य है।
प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें। एमडीडीए ने संकेत दिया कि अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।






