SGRRU में नवप्रवेशियों का भव्य दीक्षारंभ, रेन डांस पर जमकर थिरके पांच हजार से अधिक छात्र-छात्राएं
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का बुधवार को भव्य समापन हुआ। 17 से 19 अगस्त तक चले कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए पांच हजार से अधिक नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के अंतिम दिन श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के हैलीपैड ग्राउंड पर डीजे बीट्स, रेन डांस और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने युवाओं में खासा उत्साह भरा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन एवं कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी के लिए यह नई यात्रा नए सपनों, उम्मीदों और संकल्पों की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ समाज और राष्ट्र की प्रगति में अपनी सार्थक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है, जब वह चरित्र निर्माण और समाज सेवा की ओर प्रेरित करे। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कार, अनुशासन और सेवा भाव को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
अंतिम दिन डीजे साजी के हाई-वोल्टेज साउंड और बॉलीवुड, पंजाबी, गढ़वाली, भोजपुरी एवं नेपाली गीतों ने माहौल को उत्साह से भर दिया। छात्र-छात्राओं ने लोकप्रिय गीतों पर जमकर डांस किया। हैलीपैड ग्राउंड की हरियाली, प्राकृतिक सौंदर्य, आकर्षक सजावट और हजारों युवाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रेन डांस रहा। बारिश की फुहारों के बीच तेज संगीत पर छात्र-छात्राओं ने जमकर मस्ती की। पानी की फुहारों, संगीत और युवाओं के उत्साह के संगम ने पूरे परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया। विद्यार्थियों ने रेन डांस का भरपूर आनंद लेते हुए दीक्षारंभ के अंतिम दिन को यादगार बना दिया।
दीक्षारंभ के दौरान श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के मनोरोग विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. शोभित गर्ग ने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन और पढ़ाई के दौरान मानसिक दबाव से बचने के उपयोगी टिप्स दिए। वहीं, 17 मिनट की वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन एवं श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा और उपलब्धियों से परिचित कराया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न राज्यों की संस्कृति की झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों ने बॉलीवुड, गढ़वाली, पंजाबी, भोजपुरी और नेपाली गीत-संगीत पर आकर्षक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। डॉ. जी. गणराजन ने विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज का अभिभाषण पढ़कर सुनाया, जबकि डॉ. कंचन नेगी ने प्रेरणादायक व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम का समापन दीक्षारंभ कार्यक्रम की संयोजिका प्रोफेसर डॉ. मालविका कांडपाल के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त पदाधिकारी, विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




