उत्तराखंड

DM सविन बंसल की छापेमारी में फूटा करोड़ों का रजिस्ट्री घोटाला

देहरादून। विकासनगर स्थित उप निबंधक कार्यालय में जिलाधिकारी सविन बंसल की औचक छापेमारी में करोड़ों रुपये के स्टांप चोरी और अवैध रजिस्ट्रियों का बड़ा खुलासा हुआ है। निरीक्षण के दौरान मिली गंभीर अनियमितताओं के बाद उप निबंधक अपूर्वा सिंह के निलंबन एवं विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेज दी गई है।

डीएम द्वारा 4 मई को किए गए औचक निरीक्षण में कार्यालय के रिकॉर्ड खंगालने पर चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। वर्ष 2018 से 2025 तक के सैकड़ों मूल विलेख पत्र कार्यालय में संदिग्ध स्थिति में डम्प पाए गए। कई दस्तावेज महीनों और वर्षों तक बिना किसी वैध कारण के लंबित रखे गए थे। वहीं 25 रजिस्ट्रियां बिना अभिलेखित किए और बिना किसी सूचना के कार्यालय में पड़ी मिलीं।

यह भी पढ़ें 👉  BD तिवारी का ग्रीन स्ट्राइक: अब फिजूल तेल जलाने वालों पर लगेगी लगाम

निरीक्षण में सबसे बड़ा खुलासा गोल्डन फॉरेस्ट की प्रतिबंधित भूमि की रजिस्ट्रियों को लेकर हुआ। उच्चतम न्यायालय द्वारा रोक के बावजूद डीएम ने गोल्डन फॉरेस्ट खातों में 150 अवैध और गैरकानूनी रजिस्ट्रियां पकड़ लीं। प्रारंभिक जांच में प्रतिबंधित भूमि की सैकड़ों रजिस्ट्रियों की जानकारी सामने आई है। प्रशासन अब उस समय तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  धामी कैबिनेट के बड़े फैसले: मंत्रियों के काफिले आधे होंगे, ईवी नीति और चकबंदी योजना को मंजूरी

जांच में धारा 47-ए के तहत स्टांप शुल्क चोरी से जुड़े 47 मामले भी चिन्हित किए गए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार यह करोड़ों रुपये के राजस्व नुकसान से जुड़ा गंभीर मामला हो सकता है। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड प्रबंधन में भारी लापरवाही, प्रक्रियात्मक नियमों का उल्लंघन और कार्यालय संचालन में पारदर्शिता की कमी भी उजागर हुई।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- यह जनसेवा का संकल्प

डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि राजस्व और भूमि मामलों में भ्रष्टाचार, लापरवाही और अनियमितताओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है और दोषियों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

The Latest

To Top