उत्तराखंड

धामी की पहल, तिवारी की अगुवाई—किपलिंग ट्रैक बनेगा मसूरी का सबसे शांत पर्यटन मार्ग

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में पर्यटन को नई दिशा देने के प्रयास लगातार तेज हो रहे हैं। इसी क्रम में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा ऐतिहासिक किपलिंग ट्रैक के पुनरोद्धार का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। यह ट्रैक आने वाले समय में मसूरी का एक नया शांत और प्रकृति आधारित पर्यटन मार्ग बनकर उभरेगा।
करीब 498.14 लाख रुपये की लागत से 3.50 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक को शहनसाही आश्रम से झड़ीपानी तक विकसित किया जा रहा है। प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध यह ट्रैक अब आधुनिक सुविधाओं के साथ पर्यटकों को एक अलग अनुभव देगा। भीड़भाड़ और ट्रैफिक से दूर यह मार्ग प्रकृति के करीब सुकून भरी यात्रा का अवसर प्रदान करेगा।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य केवल पर्यटन बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाते हुए एक वैकल्पिक पर्यटन मॉडल तैयार करना है। ट्रैक पर सुरक्षा के लिए रेलिंग, रिटेनिंग वॉल और समतल रास्ते बनाए जा रहे हैं, जिससे यह मार्ग हर आयु वर्ग के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक बन सके।
पर्यटकों की सुविधा के लिए गज़ीबो युक्त विश्राम स्थल, सेल्फी प्वाइंट, कैंटीन कियोस्क, पेयजल, शौचालय और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था भी की जा रही है। इसके साथ ही ट्रैक के आसपास वृक्षारोपण और बर्ड हाउस स्थापित कर पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
यह परियोजना स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और छोटे व्यवसायों को नई गति मिलेगी।
धामी सरकार की यह पहल न केवल मसूरी के पर्यटन स्वरूप को बदलेगी, बल्कि राज्य को सतत और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन की दिशा में भी आगे ले जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  ऋषिकेश रोटरी क्लासिक के स्थापना दिवस पर सेवा-संकल्प की गूंज

The Latest

To Top