उत्तराखंड

ऋषिकेश वालों के लिए साफ संदेश — नियम तोड़ोगे तो बुलडोजर चलेगा, बंशीधर तिवारी का कड़ा रुख

देहरादून / ऋषिकेश। ऋषिकेश में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने जोरदार कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दे दिया है कि नियमों से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं होगा। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान में सीलिंग और ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

 

 

एमडीडीए की टीम ने पशुलोक स्थित निर्मल बाग में बिना स्वीकृत मानचित्र के बन रहे बहुमंजिला भवन को मौके पर ही सील कर दिया। पुलिस बल और तकनीकी टीम की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई सख्ती से की गई।

 

 

इसके साथ ही खेरिकला स्यामपुर में करीब 5 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। अवैध सड़कों और भू-खंडों के सीमांकन को पूरी तरह हटाकर प्लाटिंग निरस्त कर दी गई।

 

 

कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। रायवाला क्षेत्र में करीब 6 बीघा भूमि पर बनाई जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया। प्राधिकरण ने संबंधित लोगों को साफ चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी गतिविधि दोहराने पर कड़ी विधिक कार्रवाई होगी।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने दो टूक कहा कि ऋषिकेश में अवैध निर्माण और प्लाटिंग किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संपत्ति में निवेश से पहले प्राधिकरण से वैधानिक जानकारी अवश्य लें।

 

 

प्राधिकरण ने स्पष्ट कर दिया है कि ऋषिकेश में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और बिना सूचना के भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बड़े एक्शन के बाद अवैध निर्माण करने वालों में खलबली मची हुई है।

The Latest

To Top