ग्रेजुएशन डे की धूम: ‘द जंगल इज़ अलाइव’ थीम ने बच्चों की रचनात्मकता से जीता सबका मन
ऋषिकेश।
अंकुर पब्लिक स्कूल परिसर में वर्ष 2026 का ग्रेजुएशन डे समारोह उत्साह, उमंग और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर रखी गई थीम “द जंगल इज़ अलाइव” ने न केवल नन्हे छात्रों की कल्पनाशीलता को मंच दिया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति प्रेम का सशक्त संदेश भी समाज तक पहुँचाया।
जंगल की थीम में सजा परिसर, दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्कूल परिसर को घने वृक्षों, वन्य जीवों और प्राकृतिक कलाकृतियों से इस प्रकार सजाया गया था कि पूरा वातावरण एक जीवंत जंगल का आभास करा रहा था, जिसने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का मंच संचालन आरती, यशस्वी एवं सारा ने प्रभावशाली ढंग से किया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने शेर, हाथी, पक्षी एवं अन्य वन्य पात्रों की वेशभूषा में नृत्य, गीत और लघु नाटकों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया।
मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान जैसे ही बच्चों को ग्रेजुएशन कैप और सर्टिफिकेट प्रदान किए गए, सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विद्यालय प्रबंधन द्वारा ऑलराउंडर देवाग्य डोभाल, ऑलराउंडर हृदान चावला, यंग स्किपर वेदांत रावत एवं दिव्यांशी कालियान को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य का प्रेरक संबोधन
प्रधानाचार्य वैभव सकलानी ने विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना करते हुए अभिभावकों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।
प्रतिष्ठित अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
समारोह में शहर की प्रतिष्ठित विभूतियाँ दीप शर्मा, विनय उनियाल, प्रतीक कालिया, जगमोहन सकलानी, कविता सकलानी, सरोजनी थपलियाल, भगवान सिंह एवं आशु डांग उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्रों को जीवन में बड़े सपने देखने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।


