केंद्रीय बजट 2026-27 देश और उत्तराखंड के विकास को नई दिशा देगा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट देश और राज्यों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा देने के साथ ही सभी वर्गों के लिए अवसरों का विस्तार करने वाला है। उन्होंने कहा कि बजट में आर्थिक विकास को गति देने, लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और सबका साथ–सबका विकास की भावना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी एवं समावेशी बजट के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं, वंचितों, छोटे उद्यमियों और पिछड़े वर्गों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और बुनियादी ढांचे के लिए किए गए प्रावधान देश के साथ-साथ उत्तराखंड के लिए भी लाभकारी साबित होंगे। इससे राज्य के स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना पर्वतीय राज्यों के पर्यटन को नई पहचान देगी। उत्तराखंड के परिप्रेक्ष्य में बजट ने पर्यटन और आधारभूत संरचना पर विशेष फोकस किया है, जो राज्य के समग्र विकास के लिए आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और एमएसएमई क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल तकनीक और बायोफार्मा क्षेत्र में किए गए निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उत्तराखंड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ पूर्ण सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि यह बजट देश की आर्थिक शक्ति बढ़ाने के साथ-साथ उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी समान विकास के अवसर प्रदान करेगा।


