श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी की प्रेरणा से एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज के तीन खिलाड़ी नॉर्थ जोन के लिए चयनित
हरिद्वार। उच्च शिक्षा और खेल प्रतिभा के क्षेत्र में अग्रणी एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज ने एक बार फिर राज्य स्तरीय मंच पर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। हाल ही में आयोजित अंतर्महाविद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता में कॉलेज के खिलाड़ियों ने रणनीतिक कौशल और अद्भुत एकाग्रता का परिचय देते हुए प्रतिद्वंद्वियों को करारी शिकस्त दी।
बी.कॉम. छठे सेमेस्टर के छात्र कृष्णा चावला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘यूनिवर्सिटी चैंपियन’ का खिताब अपने नाम किया। उनकी सधी हुई चालों और धैर्यपूर्ण खेल ने निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। वहीं टीम इवेंट में भी महाविद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सामूहिक उत्कृष्टता का परिचय दिया। विजेता टीम में कृष्णा चावला, हर्षित शर्मा, अनमोल रावत, सुफियान खान और आर्यन बक्शी शामिल रहे। बी.कॉम. चौथे सेमेस्टर की समता शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल कर कॉलेज का मान बढ़ाया।
इस स्वर्णिम सफलता के आधार पर कृष्णा चावला, अनमोल रावत और समता शर्मा का चयन नॉर्थ जोन इंटर-यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बुधवार को महाविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद तथा माँ मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महन्त डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने विजेता खिलाड़ियों और कोचों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विश्व में बढ़ते तनाव और अस्थिरता के दौर में भारतीय युवा शतरंज जैसे बौद्धिक खेलों में अपनी मेधा का परिचय दे रहे हैं, जो सशक्त भारत की मजबूत नींव है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुनील कुमार बत्रा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि गुरुजनों का मार्गदर्शन और संस्थान का सहयोग ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी, खेलकूद मुख्य अधीक्षक विनय थपलियाल, डॉ. शिव कुमार चौहान, कोच रंजीता, कोच भारत भूषण और कार्यालय अधीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।


