उत्तरकाशी पीजी कॉलेज का शैक्षणिक परचम बुलंद, इतिहास विभाग के पांच छात्रों ने पास की यूजीसी नेट
उत्तरकाशी। सीमांत जनपद उत्तरकाशी के प्रतिष्ठित राम चंद्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (RCU पीजी कॉलेज) ने शैक्षणिक क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। महाविद्यालय के इतिहास विभाग के पांच मेधावी छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (UGC NET) उत्तीर्ण कर कॉलेज के साथ-साथ पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।
इतिहास विभाग के छात्र नवनीत कुकरेती ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यूजीसी नेट के साथ जेआरएफ (JRF) भी क्वालीफाई कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। वहीं, विशाखा, रमनदीप शाह, अजीत सिंह और रोबिन सिंह रावत ने भी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर नेट परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
इतिहास विभाग की इस सामूहिक सफलता पर विभाग प्रभारी डॉ. रमेश सिंह, प्राध्यापक डॉ. अंजना रावत एवं डॉ. शिवम राज चौहान ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सफल छात्र-छात्राओं ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विभाग के प्राध्यापकों के सशक्त मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और निरंतर प्रोत्साहन को दिया। विद्यार्थियों का कहना है कि शिक्षकों के सहयोग और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के बिना यह सफलता संभव नहीं थी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर पंकज पंत ने इतिहास विभाग की इस उपलब्धि को कॉलेज के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद उत्तरकाशी के छात्र राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विभाग के शिक्षकों एवं सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।


