ऋषिकेश मे कृष्णा मिष्ठान भंडार बना निशाना—शटर तोड़ चोर ले उड़े 55 हजार, CCTV में कैद पूरी वारदात
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा के प्रवेशद्वार ऋषिकेश में कानून व्यवस्था को चुनौती देती चोरी की एक वारदात सामने आई है। शहर के व्यस्त हरिद्वार रोड स्थित कृष्णा मिष्ठान भंडार को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने देर रात दुकान का शटर तोड़कर करीब 55 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान स्वामी कपिल कुमार ने त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में बताया गया कि 11 और 12 अप्रैल की दरम्यानी रात करीब 3 बजे चोरों ने सुनियोजित तरीके से दुकान का शटर तोड़कर भीतर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में चोरों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। दुकान स्वामी ने पुलिस को फुटेज उपलब्ध कराने की बात कही है, जिससे आरोपियों की पहचान में मदद मिल सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
वहीं व्यापारियों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
दुकानदार कपिल कुमार ने पुलिस प्रशासन से चोरी की गई रकम बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं व्यापारियों की सुरक्षा और विश्वास दोनों को प्रभावित करती हैं।



